Indian Air Force: वायुसेना की बढ़ेगी मारक क्षमता, 12 Su-30 MKI लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए HAL को टेंडर जारी
Indian Air Force: रक्षा सूत्रों के मुताबिक, 12 सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों को खरीदने के लिए हाल ही में एचएएल को एक टेंडर जारी किया गया है। इन विमानों को रूसी मूल के उपकरण निर्माताओं के साथ साझेदारी में भारत में निर्मित किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने एडवांस्ड सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को एक निविदा (टेंडर) जारी की है। इसे आईएएफ की स्क्वाड्रन क्षमता को बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रक्षा सूत्रों ने बताया कि 12 सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों को खरीदने के लिए हाल ही में एचएएल को एक टेंडर जारी किया गया है। इन विमानों को रूसी मूल के उपकरण निर्माताओं के साथ साझेदारी में भारत में निर्मित किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि उम्मीद है कि सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी एचएएल परियोजना के विवरण के साथ अगले महीने तक टेंडर का जवाब देगी।
उन्होंने बताया कि इन विमानों को सरकार की रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर नीतियों के अनुरूप तैयार किया जाएगा और इनमें अधिकांश स्वदेशी सामग्री का हिस्सा होगा। उन्होंने बताया कि ये भारतीय वायुसेना के एडवांस्ड सुखोई-30 एमकेआई विमानों में से एक होंगे और कई भारतीय हथियारों व सेंसर से लैस होंगे।
वायुसेना एक परियोजना के तहत सुखोई-30 लड़ाकू विमानों के बेड़े को अपग्रेड करने की योजना पर भी काम कर रही है, जिसमें इसके 84 विमानों को स्वदेशी हथियार प्रणालियों, एडवांस्ड रडार और एवियोनिक्स के साथ अपग्रेड किया जाएगा। उन्होंने कहा, इस परियोजना को स्वदेशी रूप से एचएएल के साथ पूरा करने की योजना है। यह हमें विदेश में इसी तरह के विमानों को अपग्रेड करने क लिए अच्छी स्थिति में रखेगा।
आईएएफ के पास 272 एसयू-30 लड़ाकू विमानों का बेड़ा है, जिन्हें 2000 के दशक की शुरुआत में सेना ने किस्तों में खरीदा था। ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और अस्त्र एयर-टू-एयर मिसाइल जैसे हथियारों व प्रणालियों को पहले ही शामिल करके विमान को अपग्रेड किया जा चुका है।
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने हाल ही में कहा था कि ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल ने आईएएफ की मारक क्षमता को बहुत बढ़ा दिया है और किसी भी संघर्ष की स्थिति में खुद की रक्षा करने की देश की क्षमता को बढ़ाया है।