विंग कमांडर अभिनंदन को लेकर सोशल मीडिया से मुख्यधारा की मीडिया तक कवरेज के मायने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूरा देश विंग कमांडर अभिनंदन की रिहाई की मांग कर रहा है। अभिनंदन, पाक सेना की हिरासत में हैं। वे उस वक्त गिरफ्तार कर लिए गए थे जब पाक लड़ाकू विमानों की कार्रवाई का जवाब देते हुए उनका विमान, नियंत्रण रेखा के पार दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। दरअसल, जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों के खिलाफ भारत की कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने वायुसीमा का उल्लंघन करते हुए 10 लड़ाकू विमानों के साथ बुधवार सुबह नियंत्रण रेखा पार कर घुसपैठ शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान के एक लड़ाकू विमान एफ-16 को मौके पर ही मार गिराया।
घटना के फौरन बाद पाकिस्तान ने दो भारतीय पायलटों के अपने कब्जे में होने का दावा किया । पाकिस्तान की तरफ से एक वीडियो जारी किया गया जिसमें विंग कमांडर अभिनंदन को दिखाया। इस पूरे मामले में उस वक्त तक भारतीय मैनस्ट्रीम मीडिया ने अभिनंदन की गोपनीयता को लेकर पूर्ण संयम बरता और उनके नाम को उजागर नहीं किया। लेकिन, सोशल मीडिया एक बार फिर असंयमित दिखा और संवेदनशील मामलों की सतर्कता पूरी तरह से तांक पर रख दी गई।
असयंमित सोशल मीडिया ने किया देश की सुरक्षा को खतरे में डालने का काम
इस पूरे मामले में भारतीय सोशल मीडिया की अपरिपक्वता एक बार फिर जाहिर हुई। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अभिनंदन के वीडियो को न सिर्फ ही वायरल कर दिया बल्कि उनकी पूरी पहचान ही सार्वजनिक कर दी। अभिनंदन के परिवार के सदस्यों से लेकर उनके निवास स्थल तक की पूरी जानकारी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दी गई। यह न सिर्फ अभिनंदन के परिवार को घबराहट में डालने का काम था बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी चिंताजनक था। इतना ही नहीं इस दौरान सोशल मीडिया की कई पोस्टों में तो अभिनंदन को लेकर ऐसी बातें भी लिखी गई जो उनके परिवार को शोकाकुल करने वाली थीं।
मामले की गंभीरता को समझते हुए मैनस्ट्रीम मीडिया ने अभिनंदन के नाम को उसी वक्त उजागर किया जब भारत ने उनके पाकिस्तन के कब्जे में होने की आधिकारिक पुष्टि की। एक अंग्रेजी वेबसाइट और एक हिंदी वेबसाइट को छोड़कर इस दौरान तक किसी भी मीडिया संस्थान ने अभिनंदन के नाम को उजागर नहीं किया था। क्योंकि, भारतीय विदेश मंत्रालय का कहना था कि वह अभी पाकिस्तान के दावों की जांच कर रहा है।
हम क्यों भूल जाते हैं सोशल मीडिया पर गलत इस्तेमाल भी हो सकता है हमारा डाटा?
सोशल मीडिया पर विंग कमांडर अभिनंदन को लेकर जो भी पोस्ट, वीडियो और फोटोज शेयर की गईं थी वो सारी चीजें एक तरह से डाटा है। लेकिन, सोशल मीडिया के अपरिपक्व ज्ञान के चलते यूजर्स हर बार यह भूल जाते हैं कि इस डाटा का गलत इस्तेमाल भी हो सकता है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और एकता के लिए खतरा भी साबित हो सकता है।