Hubballi Murder: ‘उसने बड़ी गलती की, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए’, फैयाज की मां ने नेहा के परिजनों से मांगी माफी
फैयाज की मां ममताज एक शिक्षिका हैं। शनिवार को वे एक संवादाता सम्मेलन में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे बेटे ने जो किया है कि उसके लिए मैं कर्नाटक के लोगों के साथ-साथ नेहा के परिवार से भी माफी मांगती हूं। यह नेहा और उसके परिवार के साथ बहुत बड़ा अन्याय है।
विस्तार
कर्नाटक के कॉलेज में कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या करने वाले आरोपी फैयाज की मां ने पीड़ित नेहा के परिवार से माफी मांगी है। साथ ही उन्होंने अपने बेटे को कड़ी से कड़ी सजा देने की भी मांग की है। गौरतलब है कि फैयाज के मृत्युदंड के लिए राज्यभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। घटना राज्य के हुबली जिले की है।
नेहा के परिवार से अन्याय
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फैयाज की मां ममताज एक शिक्षिका हैं। शनिवार को वे एक संवादाता सम्मेलन में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे बेटे ने जो किया है कि उसके लिए मैं कर्नाटक के लोगों के साथ-साथ नेहा के परिवार से भी माफी मांगती हूं। यह नेहा और उसके परिवार के साथ बहुत बड़ा अन्याय है। मेरे बेटे ने जो किया, वह पूरी तरह से गलत है। हमारा सिर शर्म से झुक गया है। उसने बहुत बड़ी गलती की है। देश के कानून के अनुसार उसे कड़ी सजा होनी चाहिए।
नेहा से शादी करना चाहता था फैयाज
उन्होंने आगे कहा कि नेहा और फैयाज सिर्फ दोस्त नहीं थे। वे एक दूसरे से प्यार करते थे। वे शादी करना चाहते थे। करीब एक साल पहले मुझे दोनों के रिश्तों के बारे में पता चला। फैयाज ने मुझे बताया था कि वह नेहा से बहुत प्यार करता है। वह शादी करना चाहते हैं तो मैनें उसे समझाया था कि पहले करियर पर ध्यान दो। मेरा बेटा बहुत होशियार था। वह बचपन से 90 प्रतिशत से ऊपर ही नंबर लाता था। वह आईएएस अफसर बनना चाहता था। वह अपनी यूनिवर्सिटी का बॉडीबिल्डिंग चैंपियन भी था। गौरतलब है कि पुलिस से पूछताछ के दौरान, फैयाज ने बताया था कि वे दोनों रिलेशनशिप में थे और नेहा अचानक उससे दूर रहने लगी थी।
यह है पूरा मामला
दरअसल, गुरुवार को हुबली में आरोपी फैयाज ने कथित तौर पर नेहा को प्रपोज किया था लेकिन छात्रा ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। इससे आहत होकर फैयाज ने उस पर पांच-छह बार चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी नेहा (23 वर्षीय) एमसीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। आरोपी ने एमसीए की पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद वह फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।