'पैरा मिलिट्री सर्विस पैकेज' डेबिट कार्ड पर जवानों-अफसरों को मिलेगा एक करोड़ तक का बीमा!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गृह मंत्रालय ने 'पैरा मिलिट्री सर्विस पैकेज' डेबिट कार्ड को अपग्रेड कर दिया है। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के 10 लाख से अधिक जवानों और अफसरों को इसका फायदा होगा। उन्हें एक ही कार्ड पर अनेक सुविधाएं मिलेंगी। कई तरह के लोन की सुविधा के अलावा सीएपीएफ कर्मियों का बीमा कवर भी बढ़ाया गया है।
सूबेदार मेजर तक 75 हजार रुपये, सहायक कमांडेंट से डिप्टी कमांडेंट तक डेढ़ लाख और इनसे ऊपर के सभी रैंक वालों को दो लाख रुपये तक की ओवर ड्राफ्ट सुविधा दी जाएगी। एयर एक्सीडेंटल डेथ कवर एक करोड़ रुपये रखा गया है।
गृह मंत्रालय के साथ हुए अनुबंध के तहत ये सभी सुविधाएं एसबीआई की तरफ से प्रदान की जाएंगी। योजना की अवधि चार जनवरी 2020 से तीन जनवरी 2021 तक रहेगी। इसके बाद योजना का नवीनीकरण होता है, तभी उक्त सुविधाएं आगे जारी रह सकती हैं।
जारी किए जा रहे हैं ये डेबिट कार्ड
सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, एनएसजी, एसएसबी, आईटीबीपी और आरपीएसएफ के जवानों एवं अफसरों को उनके रैंक के हिसाब से अलग अलग डेबिट कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
सूबेदार मेजर तक के कर्मियों को गोल्ड कार्ड मिलेगा, जबकि डिप्टी कमांडेंट एवं सहायक कमांडेंट को डायमंड कार्ड और टूआईसी से लेकर डीजी तक के अधिकारियों को प्लेटिनम कार्ड जारी होगा। उक्त कार्ड के सभी लाभ पेंशनधारकों को भी मिलेंगे। हालांकि पेंशनधारकों को पर्सनल एक्सीडेंट कवर बीमा की सुविधा नहीं दी गई है।
ये हैं डेबिट कार्ड की खासियतें
- महीने में कोई निर्धारित औसत बकाया रखने की जरुरत नहीं है।
- लाइफ टाइम यूनिक अकाउंट नंबर की सुविधा प्रदान की जाएगी।
- पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस डेथ कवर 30 लाख रुपये
- एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस डेथ कवर एक करोड़ रुपये
- स्थायी तौर से विकलांगता होने पर 30 लाख रुपये
- आंशिक विकलांगता की स्थिति में 10 लाख रुपये
- एडऑन कवर के तहत ये भी शामिल है, (इन केस ऑफ एक्सीडेंटल डेथ)
- जलने की स्थिति में प्लास्टिक सर्जरी के लिए दो लाख रुपये
- इंर्पोटेड दवाएं मंगाने के लिए ट्रांसपोर्टेशन खर्च एक लाख
- एक्सीडेंट के बाद कोमा और डेथ होने पर दो लाख
- बच्चों की ग्रेजुएशन स्तर की शिक्षा पर चार लाख
- गर्ल मैरिज कवर के लिए दो लाख रुपये
- हादसे की जगह तक जाने के लिए परिवार के दो सदस्यों को 20 हजार तक ट्रांसपोर्टेशन कवर
- एंबुलेंस चार्जेज 1,500 रुपये
यहां पढ़ें ऑर्डर की कापी...
इंटरनेशनल गोल्ड डेबिट कार्ड और प्लेटिनम डेबिट कार्ड पर पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस डेथ कवर के अतिरिक्त दो लाख एवं पांच लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। साथ ही चार लाख एवं दस लाख रुपये का एयर एक्सीडेंट कवर भी अलग से रहेगा। चेक इन बैगेज लॉस के लिए बीमा कवर 25 हजार और 80 हजार रुपये तक निर्धारित किया गया है।
कार्ड गुम होने पर 80 हजार एवं दो लाख रुपये का बीमा कवर प्रदान किया गया है। इंटरनेशनल गोल्ड डेबिट कार्ड के जरिए एक बार में 50 हजार रुपये निकाले जा सकते हैं, जबकि प्लेटिनम डेबिट कार्ड वालों के लिए एक लाख रुपये तक की ट्रांजेक्शन सीमा रखी गई है।