फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Hindutva Politics: Is Rahul gandhi making a mistake by attacking On RSS

Hindutva Politics: RSS पर हमला कर गलती तो नहीं कर रहे राहुल? हिंदुत्व की राजनीति में कितना सही है ये कदम

Tue, 13 Sep 2022 07:47 PM IST
Amit Sharma Digital अमित शर्मा
Updated Tue, 13 Sep 2022 07:47 PM IST
सार

Hindutva Politics: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल ने अमर उजाला से कहा कि भाजपा का अपना कोई विचार नहीं है। वह उन्हीं विचारों की राजनीतिक पौध है, जिसे आरएसएस सही समझता है। ऐसे में भाजपा पर हमला करना केवल किसी वृक्ष की शाखाओं को काटने जैसा है...

विज्ञापन
Hindutva Politics: Is Rahul gandhi making a mistake by attacking On RSS
Hindutva Politics: कांग्रेस ने ट्वीट की ये तस्वीर - फोटो : Social Media

विस्तार

कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से 12 सितंबर की सुबह एक ट्वीट किया गया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के प्रतीक रहे खाकी हाफ पैंट को जलते हुए दिखाया गया। इस संदेश में यह भी कहा गया कि भाजपा-आरएसएस के द्वारा पैदा की गई घृणा से हम मिलकर जीतेंगे। संभवतया ऐसा कर कांग्रेस अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सार्थकता सिद्ध करना चाहती है, जिसके माध्यम से वह समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ने का दावा कर रही है। लेकिन बड़ा प्रश्न यह है कि क्या आरएसएस पर हमला करना कांग्रेस के लिए लाभकारी सिद्ध होगा? जिस समय देश में हिंदुत्व की राजनीति का दौर चल रहा हो, उस समय आरएसएस पर हमला करना राजनीतिक तौर पर कितना सही कदम कहा जा सकता है?

विज्ञापन


कांग्रेस के कई नेता भी यह स्वीकार करते हैं कि ‘मोदी स्टाइल’ की राजनीति के कारण मतदाताओं में ध्रुवीकरण अपने चरम पर पहुंच चुका है। राजनीति के इस दौर में उनकी पार्टी की छवि हिंदू विरोधी हो गई है और चुनावों में सफल होने के लिए इसे बदलने की जरुरत है। इसके लिए पार्टी नेता पार्टी को ‘सॉफ्ट हिंदुत्व पॉलिसी’ पर चलने की सलाह देते रहे हैं। शायद इन्हीं विचारों का प्रभाव था कि कभी राहुल गांधी, तो कभी प्रियंका गांधी हिंदू देवी-देवताओं की पूजा करते हुए देखे जा रहे हैं। ऐसे समय में कांग्रेस का उस संघ पर हमला करना कितना सही होगा, जो अपनी छवि हिंदू हितों के लिए आवाज उठाने वाले संगठन की बना चुका है।  

विज्ञापन

संघ की वैचारिक जड़ समाप्त करना जरूरी- कांग्रेस

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल ने अमर उजाला से कहा कि भाजपा का अपना कोई विचार नहीं है। वह उन्हीं विचारों की राजनीतिक पौध है, जिसे आरएसएस सही समझता है। ऐसे में भाजपा पर हमला करना केवल किसी वृक्ष की शाखाओं को काटने जैसा है, जबकि यदि समस्या को समाप्त करना है, तो इसके लिए उसकी जड़ों पर प्रहार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरएसएस पर हमला कर कांग्रेस उस विचारधारा की जड़ पर प्रहार कर रही है,, जिससे भाजपा संचालित होती है। उन्होंने संघ पर हमले को बिल्कुल सही दिशा में उठाया गया कदम बताया।

विज्ञापन
विज्ञापन

संघ पर हमला, हिंदुत्व पर हमला नहीं

उन्होंने कहा कि संघ पर हमला करना हिंदुत्व पर हमला करना नहीं है। संघ हिंदू हितों की आवाज उठाने वाला कोई सर्वमान्य प्रतिनिधि संगठन नहीं है। ऐसे में उस पर हमला करना किसी भी तरह से हिंदू समुदाय पर हमला करना नहीं है। उन्होंने कहा कि संघ पर हमला कर इसी तरह की साजिश का पर्दाफाश करने की जरूरत है, जिसे इस समय गढ़ने की कोशिश की जा रही है।

‘विचार शून्य हो चुकी है कांग्रेस’

आरएसएस के मुखपत्र मानी जाने वाली पत्रिका पांचजन्य के पूर्व संपादक तरुण विजय ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी के समय से ही संघ का विरोध किया। लेकिन संघ इस समय पूरी दुनिया में सबसे बड़ा अराजनीतिक संगठन बन चुका है। सांस्कृतिक मामलों में वह देश की दिशा तय करने की भूमिका में आ चुका है, जबकि कांग्रेस संघ का विरोध करते-करते अब अपनी समाप्ति की ओर बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी राजनीति के बदलते आयाम को न पहचानने की भूल कर रही है। जिस दौर में पूरा देश हिंदुत्व की विचारधारा से ओतप्रोत होकर दुनिया में सर्वश्रेष्ठ होने की ओर बढ़ रहा है, उस समय भी राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ऐसे लोगों से मिल रहे हैं, जो हिंदू देवी शक्ति को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी इसी सोच के कारण लगातार कमजोर होती जा रही है, लेकिन इसके बाद भी वह कुछ सीखने के लिए तैयार नहीं है।

हमेशा तोड़ने की राजनीति करती रही है कांग्रेस- भाजपा

भाजपा नेता जयराम विप्लव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से बंटवारे की राजनीति करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भारत जोड़ो यात्रा कर रही है, जबकि देश के विभाजन के लिए वह ही जिम्मेदार है। यदि कांग्रेस नेता नहीं चाहते तो 1947 में देश का बंटवारा नहीं होता।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच अपने पिता राजीव गांधी की सोच से प्रभावित है, जिन्होंने इंदिरा गांधी की हत्या पर बड़े पेड़ के गिरने पर धरती हिलने की बात कही थी। इस बयान के कारण हजारों सिखों की हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने भी इसी तरह का एक विवादित बयान रामलीला मैदान से दिया था। उन्होंने लोगों से सड़कों पर उतरने की अपील की थी, जिसके बाद दिल्ली दंगा हो गया और 53 लोगों की मौत हो गई।  



भाजपा नेता जयराम विप्लव ने कहा कि राहुल गांधी ने सीधे संघ की हाफ पैंट को जलते हुए दिखाकर एक भयावह संदेश दिया है, जिसका दुष्परिणाम आने वाले समय में दिखाई पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार लोकतंत्र होने के कारण राजनेताओं को इस तरह के बयानों से दूरी बरतनी चाहिए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed