Gujarat: नौ लोगों की हत्या के आरोपी जगुआर के ड्राइवर को पुलिस ने पकड़ा, बेटे सहित पिता से मंगवाई माफी
गुजरात पुलिस ने बताया कि सीएम भूपेंद्र पटेल ने नौ लोगों की मौत पर दुख जताते हुए एक उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने आधिकारियों को आदेश दिया कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सीएम के निर्देश के बाद एक टीम का गठन किया गया, जिसमें एक संयुक्त आयुक्त, तीन डीएसपी और पांच पुलिस निरीक्षक शामिल थे।
विस्तार
अहमदाबाद में जगुआर कार से भीड़ को कुचलने वाले ड्राइवर को पुलिस ने पकड़ लिया है। जगुआर कार की चपेट में आने से नौ लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। मामले में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी एक्शन मोड में आ गए थे, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सीएम ने की उच्च स्तरीय बैठक
गुजरात पुलिस ने बताया कि सीएम भूपेंद्र पटेल ने नौ लोगों की मौत पर दुख जताते हुए एक उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने आधिकारियों को आदेश दिया कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सीएम के निर्देश के बाद एक टीम का गठन किया गया, जिसमें एक संयुक्त आयुक्त, तीन डीएसपी और पांच पुलिस निरीक्षक शामिल थे। टीम ने मामले की जांच तेजी से की और एक ही दिन में आरोपी तथ्या पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी तथ्या सहित उसके पिता प्रग्नेश पटेल को घटना स्थल लेकर गई। यहां उन्हें हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगते हुए दिखाया गया।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्राथमिकता के आधार पर होगी सुनवाई
पुलिस ने बताया कि सीएम की उच्च स्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि प्राथमिकता के आधार पर मामले की सुनवाई की जाएगी। एक सप्ताह के अंदर आरोप पत्र कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा। विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करके मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाएगी। सीएम ने बैठक में कहा कि इस हादसे में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है, जिससे समाज में आगे कभी इस तरह की घटना न हो। सीएम पटेल ने मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये तो वहीं घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा देने का एलान किया है।
स्वास्थ्य मंत्री भी पहुंचे अस्पताल
बैठक और मुआवजे के अलावा सीएम ने स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटले को पीड़ित परिवारों की मदद के लिए तत्काल सोला सिविल अस्पताल भेजा। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में पीड़ितों की मदद की। सीएम के मुख्य सचिव ने राजमार्गों पर लगे कैमरों के संबंध में भी संबंधित विभाग को निर्देश दिए, जिससे गाड़ियों की गति पर निगरानी की जा सके। सरकारी बयान के अनुसार पुलिस लापरवाही, स्टंट और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त अभियान बनाया जाएगा।
उच्च स्तरीय बैठक में यह अधिकारी शामिल
सीएम भूपेंद्र पटेल की उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव राजकुमार, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव के कैलाशनाथन, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मुकेश पुरी, पुलिस महानिदेशक विकास सहाय, मुख्यमंत्री के सलाहकार एसएस राठौड़, अतिरिक्त मुख्य सचिव परिवहन और बंदरगाह मनोजकुमार दास, अहमदाबाद नगर आयुक्त और पुलिस आयुक्त, सड़क सुरक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित पडलिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
यह है पूरा मामला
अहमदाबाद में सरखेज-गांधीनगर (एसजी) हाईवे पर बने इस्कॉन ब्रिज पर एक डंपर ने एसयूवी को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे के कारण मौके पर भीड़ लग गई थी। इस दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार जगुआर कार आ रही थी। कार ने गुरुवार तड़के लापरवाही के कारण वहां खड़े लोगों को कुचल दिया। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों की सूची में एक पुलिस कॉन्सटेबल और एक होमगार्ड जवान भी शामिल हैं। वहीं करीब 13 लोग घायल हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, मृतकों में बोटाद और सुरेंद्रनगर के युवा शामिल थे।