सचिन ने किया GST का समर्थन, रेखा को नहीं ढूंढ़ पाई सरकार
आम सहमति से राज्यसभा में जीएसटी बिल पास कर दिया गया। इस बिल के लिए सरकार को कांग्रेस से लेकर सभी पार्टियों का सपोर्ट हासिल करने में काफी समय लग गया। साथ ही उन सांसदों को भी सदन में बुलाने की तैयारी की गई जो नॉमिनी हैं।
इसी सिलसिले में सचिन तेंदुलकर और रेखा से भी बात की गई। सचिन ने जीएसटी के सपोर्ट में ट्वीट भी किया। लेकिन सरकार रेखा तक पहुंच ही नहीं पाई।
जानकारी के मुताबिक, रेखा कहां है इसका पता भी नहीं लगाया जा सका।
संसद से गैर हाजिर रहने का रिकॉर्ड
गौरतलब है कि यूपीए सरकार ने सचिन के साथ 2012 में रेखा को राज्यसभा का मेंबर बनाया था। उसके बाद से रेखा बहुत कम मौकों पर संसद में देखी गईं हैं। वे अपने कम अटेंडेंस के लिए सुर्खियों में रही हैं।
इस साल पहली बार उन्होंने बजट सेशन में हाजिरी लगाई थी।
एनडीटीवी के मुताबिक, सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों ने रेखा के बारे में पता भी लगाने की कोशिश की। इस दौरान 61 साल की रेखा के बारे में कुछ मंत्रियों ने कांग्रेसी नेताओं से एडवाइस भी लेने की कोशिश की। ताकि एक्ट्रेस से संपर्क साधा जा सके।