{"_id":"5bcd8b32bdec2269ae772dfe","slug":"government-is-not-re-writing-indian-history-instead-they-are-making-it-right-naqvi","type":"story","status":"publish","title_hn":"महापुरूषों को सम्मान देकर सरकार इतिहास को ‘री-राइट’ नहीं बल्कि ‘राइट’ कर रही : नकवी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
महापुरूषों को सम्मान देकर सरकार इतिहास को ‘री-राइट’ नहीं बल्कि ‘राइट’ कर रही : नकवी
भाषा, नई दिल्ली
Updated Mon, 22 Oct 2018 02:27 PM IST
विज्ञापन
Mukhtar Abbas Naqvi
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार पर इतिहास को फिर से लिखने का प्रयास करने के कांग्रेस के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस द्वारा सुनियोजित तरीके से भुला दिये गए महापुरूषों के बलिदान को सम्मान देकर मोदी सरकार इतिहास को ‘री-राइट’ (पुनर्लेखन) नहीं बल्कि ‘राइट’ (सही) करने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
नकवी ने यहां कहा कि वास्तव में जिन महापुरूषों को कांग्रेस ने इतिहास के पन्नों से गायब करने का प्रयास किया, उन महापुरूषों को यह सरकार सम्मान देने का काम कर रही है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नजर में एक परिवार के लोग ही महापुरूष हैं और उन्हीं लोगों ने सब कुछ किया है।
विज्ञापन
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि हजारों महापुरूषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी एवं भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कुर्बानी दी। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री नकवी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सुनियोजित सियासी सोच के तहत इतिहास के पन्नों से इन महापुरूषों को गायब करने की साजिश की।
विज्ञापन
आज जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजग सरकार उन महापुरूषों को सम्मान दे रही है और देश के लिये उनकी कुर्बानी एवं योगदान को लोगों तक पहुंचा रही है तब कांग्रेस को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इतिहास को ‘री-राइट’ पुनर्लेखन नहीं कर रहे हैं बल्कि उसे ‘राइट’, सही कर रहे हैं।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन महापुरूषों को भुलाने की, कांग्रेस की कोशिश का पर्दाफाश हो रहा है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने भाजपा केंद्र सरकार पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की धरोहर हथियाने के लिए 'षडयंत्रपूर्ण प्रयास' करने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा था कि भाजपा इतिहास फिर से लिखने के लिए व्याकुल है।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा था कि 'व्याकुल भाजपा इतिहास फिर से लिखने की कोशिश कर रही है और सरदार पटेल एवं जवाहरलाल नेहरू के बीच तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं नेहरू के बीच एक काल्पनिक प्रतिद्वंद्विता पैदा कर रही है। इसने शुभ अवसरों का इस्तेमाल ओछे राजनीतिक हथकंडों के लिए किया है।’
इससे पहले आजाद हिंद सरकार की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर रविवार को आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि यह दुखद है कि एक परिवार को बड़ा बताने के लिए, देश के अनेक सपूतों के चाहे वह सरदार पटेल हों, बाबा साहेब आंबेडकर हों, नेताजी हों योगदान को भी भुलाने का प्रयास किया गया।