कोरोना टीकाकरण: 21 जून से धीमी पड़ी गति, अब तक 38 करोड़ से ज्यादा खुराक दी गईं
कोविन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 21-27 जून वाले हफ्ते में प्रत्येक दिन कोविड रोधी टीके की औसतन 61.14 लाख खुराक दी गईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना वायरस रोधी टीकाकरण के दैनिक औसत में 21 जून से कमी देखी जा रही है, जब देश में कोविड-19 टीकाकरण का नया चरण आरंभ हुआ था। सरकारी आंकड़ों से यह पता चला है। कोविन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 21-27 जून वाले हफ्ते में प्रत्येक दिन कोविड रोधी टीके की औसतन 61.14 लाख खुराक दी गईं। इसके बाद के हफ्ते में 28 जून से 4 जुलाई के बीच यह आंकड़ा कम होकर प्रतिदिन 41.92 लाख खुराक रह गया। 5 से 11 जुलाई वाले हफ्ते में प्रतिदिन लगाई गई टीके की खुराकों की औसत संख्या और कम होकर 34.32 लाख रह गई।
राज्यों में टीकाकरण को लेकर मिलीजुली प्रवृत्ति देखने को मिली है, जिसमें कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में टीकाकरण की दर में निरंतरता है जबकि कहीं इसमें गिरावट आई है। कोविन के आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात और छत्तीसगढ़ में 21-27 जून वाले हफ्ते से औसत दैनिक टीकाकरण में गिरावट देखी गई जबकि केरल, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह, दादरा नागर हवेली और जम्मू-कश्मीर में दैनिक कोविड-19 टीकाकरण में निरंतरता देखी गई है।
असम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में, जहां कोरोना वायरस के नए मामलों में वृद्धि देखी जा रही है वहां दैनिक औसत टीकाकरण में गिरावट देखी जा सकती है। इस गिरावट के बावजूद, कोविड रोधी टीकाकरण के इससे पहले के चरण के मुकाबले यहां दैनिक औसत टीकाकरण अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक 14-20 जून वाले हफ्ते में दैनिक औसत टीकाकरण 33.97 लाख था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास कोविड-19 रोधी टीके की 1.54 करोड़ से अधिक अप्रयुक्त खुराकें मौजूद हैं। इसमें बताया गया कि टीके की कुल खुराकों में से 37,31,88,834 खुराकों (बेकार गई खुराकों समेत) का इस्तेमाल हुआ है।
देश में अब तक कोरोना टीके की 38 करोड़ से अधिक खुराक दी गई
देश में कोविड-19 टीके की अब तक 38 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। शाम सात बजे तक प्राप्त अंतरिम रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को 37.03 लाख से अधिक खुराक दी गई। मंत्रालय ने कहा कि सोमवार को 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों में 16,61,804 को पहली खुराक और 1,40,806 को दूसरी खुराक दी गई।
देश में टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू होने के बाद से 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग में 11,41,34,915 लोगों को पहली खुराक और 38,88,828 को दूसरी खुराक लगी है। मंत्रालय ने कहा कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र, इन आठ राज्यों में 18 से 44 वर्ष आयु समूह में 50 लाख से अधिक लोगों को पहली खुराक दी गई है।
आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश,ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में 18 से 44 आयु वर्ग में 10 लाख से अधिक लोगों का कोविड-19 टीके की पहली खुराक के साथ टीकाकरण किया गया है।
दिल्ली में कोविशील्ड टीके का भंडार खत्म हुआ
दिल्ली में कोविशील्ड टीके का भंडार खत्म हो गया है, जिससे कुछ कोविड टीकाकरण केंद्र मंगलवार को बंद होने वाली है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक बुलेटिन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह कोविशील्ड की 19,000 खुराक और कोवैक्सिन की 2,39,000 खुराकें थीं।