भारतीय समाज सुधारक 'राजा राम मोहन राय' को गूगल ने डूडल बनाकर खास अंदाज में किया याद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गूगल ने बड़े ही खास अंदाज में महान समाज सुधारक राजा राम मोहन राय की 246वीं जयंती पर डूडल बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इस डूडल पर क्लिक करते ही राजा राम मोहन राय से जुड़े तमाम पेज खुल जाएंगे, जो उनसे जुड़ी विभिन्न तरह की सामाग्री से भरे हुए हैं। भारतीय समाज को कुरीतियों के पिंजड़े से आजाद कराने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। आधुनिक भारत के निर्माता और भारतीय पुर्नजागरण के जनक के तौर पर जाने वाले राजा राम मोहन राय ने 19वीं सदी में समाज सुधार के लिए व्यापक आंदोलन चलाए।
आज हम सामाजिक बुराई पर खुलकर बात कर सकते हैं, इन बुराइयों के खिलाफ कई कड़े कानून भी बने हैं। लेकिन भारत में 200 साल पहले ये कुरीतियां इस समाज का अंग थीं। जिनका उल्लंघन करने का साहस किसी में नहीं था। बाल विवाह हो या सती प्रथा इन कुरीतियों का शिकार खासकर महिलाएं थीं। इन बुराइयों के खिलाफ बोलने का साहस तो दूर की बात थी। महिलाएं इन्हें अपनी नियति मान अपने जीवन की बलि चढ़ा देती थीं।
महिलाओं को आजादी के पंख देने वाले राजा राम मोहन राय का जन्म पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के राधानगर गांव में 22 मई 1772 को हुआ था। 15 वर्ष की आयु तक उन्हें बंगाली, संस्कृत, अरबी और पारसी भाषा का ज्ञान हो गया था। किशोरावस्था में उन्होंने काफी भ्रमण किया और 1803-1814 तक ईस्ट इंडिया कंपनी के लिए काम भी किया। अंग्रेजी भाषा और सभ्यता से प्रभावित राय 17 वर्ष की आयु में मूर्ति पूजा के विरोधी हो गए थे।
पिता से मतभेद
एकेश्वरवाद में विश्वास करने वाले राय का अकसर उनके पिता से धर्म और विश्वास को लेकर मतभेद होता था। जिसके चलते उन्होंने कम उम्र में ही घर छोड़ दिया था। वापस लौटने पर माता-पिता ने यह सोचकर उनका विवाह कर दिया कि शायद इसके बाद उनके विचारों में कुछ बदलाव आ जाए। लेकिन वह हिंदू रूढ़ियों से दूर रहे और हिंदुत्व की गहराइयों को समझने में लगे रहे ताकि इन बुराइयों को सामने लाकर लोगों को जागरुक किया जा सके।
देश और समाज के लिए समर्पित किया जीवन
राजा राम मोहन राय ने 1828 में ब्रह्म समाज की स्थापना की थी, जो पहला भारतीय सामाजिक-धार्मिक सुधार आंदोलन माना जाता है। यह वह दौर था, जब भारतीय समाज में 'सती प्रथा' जोरों पर थी। वह भारत में दोहरी लड़ाई लड़ रहे थे। पहली अंग्रेजों से देश को मुक्त कराने की लड़ाई और दूसरी देश के लोगों को सामाजिक कुरीतियों से मुक्त कराने की लड़ाई।
उस समय सती प्रथा, पर्दा प्रथा और बाल विवाह जैसी कुरीतियां समाज में विख्यात थीं। उन्होंने देश में समाज सुधार के लिए काम शुरू किया और इन बुराइयों का अंत किया। इसके अलावा उन्होंने जाति-व्यवस्था, शिशु हत्या, अशिक्षा को समाप्त करने के लिए मुहिम चलाई और जिसमें उन्हें काफी हद तक सफलता भी मिली।
चिंतन और पत्रकारिता
राजा राम मोहन राय ने ब्रह्ममैनिकल मैग्जीन, संवाद कौमुदी, मिरात-उल-अखबार, बंगदूत जैसे स्तरीय पत्रों का संपादन और प्रकाशन भी किया। वहीं उनके द्वारा संपादित बंगदूत की बात करें तो यह एक अनोखा पत्र था। जिसमें बंग्ला, हिंदी और फारसी भाषा का एक साथ प्रयोग किया जाता था।
इतना ही नहीं वह साल 1830 में मुगल साम्राज्य का दूत बनकर ब्रिटेन भी गए थे। इसके बाद 27 सितंबर 1833 को उनका इंग्लैंड में निधन हो गया। ब्रिटेन के ब्रिस्टल नगर के आरनोल वेल कब्रिस्तान में राय की समाधि है। उनके सुधार कार्यों के द्वारा वह भारतीय समाज के बीच आज भी जीवित हैं।