महिला अपहर्ताओं के चंगुल में फंसी छात्रा ने ट्रेन से कूदकर बचाई अपनी जान
यूपी के मुगलसराय जंक्शन से एक बाइस वर्षीय छात्रा का दो महिलाओं ने नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा कर लिया। छात्रा को दोनों महिलाएं वॉस्को-पटना एक्सप्रेस में बैठाकर गोवा जाने के लिए चल दी। रास्ते में छात्रा को होश आया तो वह खुद को ट्रेन में पाकर हैरान हो गई।
इलाहाबाद के करीब छिवकी स्टेशन के आगे जब ट्रेन धीमी हुई तो वह शोर मचाते हुए कूद पड़ी। छात्रा को चलती ट्रेन से कूदते देख आरपीएफ सिपाही भागकर मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद आरपीएफ कोई कार्रवाई करती इससे पहले ट्रेन आगे बढ़ गई।
ट्रेन मुगलसराय के बाद सतना में रुकती है। आरपीएफ ने आरोपी महिलाओं को पकड़ने के लिए जीआरपी और सतना स्टेशन को मामले की सूचना कर दी है।
इस तरह से दिया अपहरण को अंजाम
आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर के मुताबिक छात्रा ने पूछताछ पर बताया कि वह वह गाजीपुर के दिलबाग मोहल्ले की रहने वाली गुड्डन (22)है। उसके पिता अबू लेख सब्जी का ठेला लगाते हैं। वह शनिवार सुबह पिता के साथ मुगलसराय दवा लेने आई थी। तभी स्टेशन पर उसे दो महिलाओं ने कुछ सुंघा दिया और वह अचेत हो गई।
इंस्पेक्टर ने बताया कि जब होश आया तो वह ट्रेन धीमी होने पर कूद पड़ी। छात्रा से पूछताछ के बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह ने मोबाइल पर छात्रा के भाई से बात की। वे छात्रा को लेने के लिए छिवकी स्टेशन के लिए चल दिए हैं।