परिवार के बिखरते मूल्यों को अंतिम सांस तक सहेजे रहे मांगेराम गर्ग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा में अपने पुराने पारिवारिक और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। अगर इस लिहाज से देखें तो भाजपा दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मांगेराम गर्ग संघ के सच्चे सिपाही निकले जिन्होंने अपना पूरा जीवन सांस्कृतिक और पारिवारिक मूल्यों को सहेजे रखने में लगा दिया। इसलिए इस बात पर भी किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए कि मांगेराम गर्ग के परिवार में पांच बेटे, बहुएं, नाती और पोते सहित कुल 28 लोग आज भी एक साथ रहते हैं।
मांगेराम गर्ग के पुत्र सतीश गर्ग ने अमर उजाला को बताया कि एक पिता के रूप में वे बहुत सरल, लेकिन दिशा दिखाने के मामले में बेहद सख्त थे। वे इस बात की हमेशा कोशिश करते थे कि परिवार के सभी व्यक्ति शाम का भोजन एक साथ करें। अपने व्यस्त राजनीतिक जीवन में भी वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर चर्चा के लिए समय निकाल लिया करते थे।
आदर्श रामलीला कमेटी का किया था गठन
सतीश बताते हैं कि वह क्षण उनके लिए अद्भुत होता था जब वे रामलीला देखने के लिए चार पीढ़ियों के साथ रामलीला मैदान पहुंचते थे। सांस्कृतिक प्रेम की यह उनकी भावना ही थी जिससे प्रेरित होकर उन्होंने आदर्श रामलीला कमेटी का गठन किया था जो पिछले 45 वर्षों से आज तक लगातार चल रही है।
बहुत कम ही लोगों को मालूम होगा कि सावन के महीने में कांवड़ यात्राओं को सरकार की तरफ से सुरक्षा सहित अन्य मदद मिले, इसकी कोशिश मांगेराम गर्ग की तरफ से की गई थी। उन्होंने हरिद्वार में निष्काम सेवा ट्रस्ट की स्थापना भी की थी जो आज भी लगातार लोगों की सेवा कर रहा है।
विश्व हिंदू परिषद के प्रसिद्द नेता अशोक सिंघल उन्हें बहुत पसंद करते थे। उन्हीं की प्रेरणा से उन्होंने धर्मयात्रा महासंघ की स्थापना की थी और अपने जीवन के अंतिम समय तक इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। इस संस्था के सहयोग के कारण ही अमरनाथ यात्रा के दौरान अनेक प्रबंध हो पाते हैं। साल 1957 से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने वाले मांगेराम गर्ग को पार्टी ने साल 1997-2002 में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी। इस बीच वे अनेक पदों पर रहे। वे साल 2003-2008 में वजीरपुर से विधायक भी रहे।
पुराने आरएसएस कार्यकर्ता और भाजपा नेता मांगेराम गर्ग को अंतिम विदाई देने आज रविवार को भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी, अध्यक्ष अमित शाह, संगठन महामंत्री बीएल संतोष और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण प्रदेश कार्यालय पहुंचे। संघ और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में रामलाल, संजय जोशी, मनोज तिवारी, गौतम गंभीर सहित अनेक वरिष्ठ नेता प्रदेश कार्यालय पहुंचे।