Telangana: भारी बारिश के कारण तेलंगाना में 16 लोगों की गई जान, राहत शिविरों में भेजे जा रहे लोग
तेलंगाना डीजीपी अंजनि कुमार का कहना है कि अलग-अलग जिलों के करीब 19 हजरा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। राज्य के कई इलाकों में राहत अभियान जारी है। ऊंचे स्थानों पर शरण लेने वाले लोगों को हेलिकॉप्टरों और नावों से भोजन सप्लाई कराया जा रहा है।
विस्तार
देश में तेज बारिश और तूफान के कारण आए दिन लोग परेशान हो रहे हैं। कहीं जमीन धसक रही है तो कहीं बाढ़ ने जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में झमाझम बरसात हो रही है। मूसलाधार बारिश के कारण तेलंगाना में 16 लोगों की मौत हो गई है। इसके बारे में जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
शुक्रवार से बारिश कम होने के बावजूद वारंगल के कुछ हिस्सों में जलभराव जारी है। राज्य सरकार ने राहत शिविर स्थापित किए हैं और बारिश प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और पुनर्वास कार्य तेज कर दिया है। वारंगल में भद्रकाली टैंक में दरार आ गई और इसे भरने के प्रयास जारी हैं। बाढ़ के कारण पिछले कुछ दिनों के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के बाद शनिवार को जो लोग कस्बे में अपने घरों को लौटे, वे घरेलू सामानों की क्षति और घरों के अंदर कीचड़ की मौजूदगी से परेशान थे।
बारिश बरपा रही कहर
तेलंगाना पुलिस ने बताया कि गुरुवार को मुलुगु जिले के एक दूरदराज गांव में नाले का पुल टूट गया था, जिस वजह से बस्ती के 60 लोग अन्य इलाकों से कट गए थे। इसी दौरान 12 लोग बाढ़ में बह गए थे, जिनमें चार लोगों ने तो खुद को बचा लिया लेकिन आठ लोग नाले में ही फंसे रह गए। भारी बाढ़ और बारिश के कारण शुक्रवार को एनडीआरएफ वहां पहुंची और रेस्क्यू चलाकर उन्होंने आठ लोगों के शवों को बरामद किया। इसी के साथ उस इलाके के 80-100 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।
कई इलाकों में राहत अभियान जारी
तेलंगाना डीजीपी अंजनि कुमार का कहना है कि अलग-अलग जिलों के करीब 19 हजरा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। राज्य के कई इलाकों में राहत अभियान जारी है। ऊंचे स्थानों पर शरण लेने वाले लोगों को हेलिकॉप्टरों और नावों से भोजन सप्लाई कराया जा रहा है। एहतियातन रेस्क्यू फोर्स में गोदावरी नदी के किनारे स्थित इलाकों से लगभग 3500 लोगों को निकाला गया है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया था। राज्य में कई जगहों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। पंचायत राज्य मंत्री एर्राबेली दयाकर राव ने शुक्रवार को वारंगल का दौरा कर वहां की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ता जा रहा है
एनडीआरएफ की 10 टीमों में से दो टीमें भद्राचलम और निर्मल में कार्यरत हैं। जबकि एक-एक टीम कोठागुडेम, मुलुगु, वारंगल, खम्मम, भूपालपल्ली और हैदराबाद में तैनात है। राज्य सरकार ने कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि संक्रामक रोगों सहित डेंगू का खतरा बढ़ता जा रहा है। इसलिए स्वच्छता उपायों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। डीजीपी कुमार का कहना है कि कई जिलों में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है।