DRI Mumbai: नाइजीरियाई महिला पांच करोड़ के प्रतिबंधित पदार्थ के साथ गिरफ्तार; डीआरआई को मिली बड़ी कार्रवाई
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली से मुंबई जा रही एक बस में यात्रा कर रही एक नाइजीरियाई महिला से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स बरामद की है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विस्तार
राजस्व आसूचना निदेशालय या राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) मुंबई ने एक नाइजीरियाई महिला को प्रतिबंधित पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसे कालाबाजारी के जरिए ही बेचा या खरीदा जा सकता है। महिला को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 से जुड़े प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
मामले से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि ड्रग्स मेथमफेटामाइन और एक्स्टसी की डिलिवरी जिस संदिग्ध व्यक्ति को की जानी थी, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रतिबंधित पदार्थों को खाद्य पैकेट (ओट्स) और जूस टेट्रा पैक में छिपाया गया था। डीआरआई अधिकारियों ने विशेष खुफिया सूचना के आधार पर गुरुवार की सुबह महिला को पकड़ने से पहले मुंबई के पास करीब 50 किलोमीटर तक दिल्ली से आ रही बस का पीछा किया।
उन्होंने बताया कि देश की प्रमुख तस्करी रोधी इकाई की टीम ने 2.56 किलोग्राम मेथमफेटामाइन और 584 ग्राम एक्स्टसी की गोलियां बरामद कीं, जिनकी कुल कीमत करीब पांच करोड़ रुपये है। मेथमफेटामाइन और एक्स्टसी अपने उत्तेजक प्रभावों के कारण रेव पार्टियों में लोकप्रिय हैं। नाइजीरियाई नागरिक को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच चल रही है।
यह भी पढ़ें- डीआरआई ने अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी रैकेट का किया भंडाफोड़; 1.4 करोड़ की पीली धातु जब्त, दो गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया था
इससे पहले डीआरआई ने अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान 1.4 करोड़ की पीली धातु जब्त की गई थी और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने 15 जून को बताया था कि डीआरआई ने सोने की तस्करी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड और एअर इंडिया के एक चालक दल के सदस्य को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1.41 करोड़ रुपये की कीमती धातु जब्त की गई है।
एआई-116 के एक पुरुष चालक दल के सदस्य को पकड़ा
उन्होंने बताया था कि डीआरआई ने एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-116 के एक पुरुष चालक दल के सदस्य को रोका, जो शुक्रवार को न्यूयॉर्क से मुंबई पहुंचा था। चालक दल के सदस्य की शुरुआती तलाशी में कोई बरामदगी नहीं हुई। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि उसने विदेशी मूल के सोने की छड़ों से भरी थैली को काले डक्ट टेप में लपेटकर बैगेज सर्विस एरिया के पास छिपा दिया था। उड़ान के बाद चालक दल के सदस्यों के लिए ब्रीथलाइजर टेस्ट के दौरान बैगेज सर्विस एरिया के पास उसने यह थैली छिपाई थी।
1,373 ग्राम वजनी विदेशी मूल के सोने की छड़ें बरामद
उन्होंने बताया था कि थैली को बरामद कर लिया गया और उसमें 1,373 ग्राम वजनी विदेशी मूल के सोने की छड़ें बरामद की गईं। अधिकारी ने बताया था कि आरोपी चालक दल के सदस्य ने अपने बयान में पहले भी भारत में सोने की तस्करी करने की बात स्वीकार की है। इसके बाद की कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड को भी पकड़ा गया। वह चालक दल के सदस्यों को भारत में सोने की तस्करी करने के लिए चुनता था। मास्टरमाइंड ने भी सोने की तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। दोनों आरोपियों को सीमा शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
