पुतिन की तारीफ करते हुए बोले ट्रंप- अमेरिका में भी कम हत्यारे नहीं
चुनावों से पहले अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सत्ता हासिल करने के बाद भी विवादित बयान देने में पीछे नहीं हैं।
एक दिन पहले फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने रूसी राष्ट्रपति पुतिन का बचाव करते हुए कहा कि अमेरिका भी कम कसूरवार नहीं है यहां भी बहुत सारे हत्यारे हैं।
असल में फॉक्स न्यूज के पत्रकार बिल ओ राइली ने एक इंटरव्यू के दौरान सवाल पूछा था कि क्या आप रूसी राष्ट्रपति पुतिन का सम्मान करते हैं इस पर ट्रंप ने हां में जवाब दिया।
राइली ने सवाल किया कि पुतिन तो हत्यारे हैं इस पर हंसते हुए ट्रंप ने कहा कि हम अमेरिकन भी कम कसूरवार नहीं हैं हमारे आसपास भी बहुत से हत्यारे हैं। ट्रंप का यह इंटरव्यू रविवार रात को प्रसारित हुआ जिसके बाद से ही वह सोशल मीडिया और विपक्षियों के निशाने पर हैं।
चुनावों के दौरान भी पुतिन की तरफदारी कर चुके हैं ट्रंप
बता दें कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनावों के दौरान भी डोनाल्ड ट्रंप लगातार रूसी राष्ट्रपति पुतिन की तरफदारी करते हुए उनसे अच्छे संबंधों की वकालत करते रहे थे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कई बार कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति के साथ मिलकर काम करना चाहेंगे।
इसको लेकर ट्रंप की आलोचना भी हुई और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने कई बार इसको लेकर ट्रंप पर निशाना भी साधा। हालांकि ट्रंप अपने रुख पर कायम रहे यहां तक की राष्ट्रपति चुने जाने के बाद भी।
इसकी बानगी फॉक्स न्यूज के साथ इंटरव्यू के दौरान भी दिखी। पत्रकार राउली लगातार पुतिन के साथ संबंधों को लेकर उनसे सवाल करते रहे और हर बार ट्रंप का जवाब पुतिन के पक्ष में ही होता।
इराक युद्ध को लेकर जार्ज बुश पर साधा निशाना
इसी मुद्दे पर ट्रंप आगे बोले सब जानते हैं कि मैं इराक युद्ध के विरोध में था। इस युद्ध में काफी लोग मारे गए उनकी मौत का जिम्मेदार कौन है? हालांकि बाद में ट्रंप ने ये भी कहा कि मैं पुतिन का सम्मान करता हूं वो अपने देश के नेता हैं इसलिए उनका सम्मान किया जाना चाहिए लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि मैं उनसे दोस्ती करने जा रहा हूं।
रूस दुनियाभर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है खासकर आईएस के खिलाफ ऐसे में हमें भी उनके साथ मिलकर इस समस्या का हल ढूंढना चाहिए।