ट्रंप के वकील कोरोना संक्रमित, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा- 'चीनी वायरस' के संपर्क में आए गिलियानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया है कि उनके वकील रूडी गिलियानी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। अमेरिका में पिछले कुछ दिनों से कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और ट्रंप के कई करीबी शीर्ष अधिकारी भी संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, ट्रंप ने एक बार फिर कोरोना वायरस को चीनी वायरस बताया।
ट्रंप ने बताया कि न्यूयार्क के पूर्व मेयर गिलियानी (76) कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए। राष्ट्रपति चुनाव परिणामों को चुनौती देने के ट्रंप के प्रयासों की खातिर गिलियानी ने हाल में कई राज्यों की यात्राएं की थीं। राष्ट्रपति ट्रंप ने रविवार को ट्वीट कर गिलियानी के संक्रमित होने की पुष्टि की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्वीट किया, 'गिलियानी, जो न्यूयॉर्क सिटी के इतिहास में अब तक के सबसे महान मेयर और अमेरिका के इतिहास में सबसे भ्रष्ट चुनाव को उजागर करते हुए अथक परिश्रम कर रहे थे, चीनी वायरस से संक्रमित हो गए हैं।' चीन के खिलाफ गुस्सा जाहिर करने के लिए ट्रंप अक्सर ही कोरोना वायरस को चीनी वायरस बताते रहे हैं।
.@RudyGiuliani, by far the greatest mayor in the history of NYC, and who has been working tirelessly exposing the most corrupt election (by far!) in the history of the USA, has tested positive for the China Virus. Get better soon Rudy, we will carry on!!!
— Donald J. Trump (@realDonaldTrump) December 6, 2020
गिलियानी ने रविवार सुबह ‘फॉक्स न्यूज’ के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था, जिसमें ट्रंप की ओर से कई राज्यों में दी गई कानूनी चुनौतियों पर उन्होंने चर्चा की थी। गिलियानी ने गुरुवार को जॉर्जिया में एक सुनवाई में हिस्सा लिया था, इस दौरान वह कई घंटे तक बिना मास्क के रहे। कई राज्यों के रिपब्लिकन सीनेटर भी बिना मास्क के नजर आए।
गिलियानी बुधवार की रात मिशिगन गए थे, जहां उन्होंने विधायिका की सुनवाई में गवाही दी थी। उस दौरान गिलियानी और उनके बगल में बैठी वकील जेना एलिस ने भी मास्क नहीं पहना था।
जॉर्जिया के डेमोक्रेट सीनेटर जेन जोर्डन ने गुरुवार को सुनवाई में हिस्सा लिया था और उन्होंने गिलियानी के मास्क नहीं पहनने पर रोष प्रकट किया। जोर्डन ने ट्वीट कर कहा, मुझे पता नहीं था कि पिछले हफ्ते मैंने जिस खतरे का सामना किया वह ट्रंप के वकील की ओर से था। गिलियानी खचाखच भरे कमरे में सुनवाई के दौरान सात घंटे तक मास्क के बगैर रहे।