Politics: '2008 में कांग्रेस-चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के बीच MoU को दिखाई गई हरी झंडी', BJP का राहुल पर पलटवार
Politics: भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि जब जवाहर लाल नेहरू प्रधानमंत्री थे, तब चीन ने भारत की 43,000 वर्ग किलोमीटर से अधिक जमीन पर कब्जा कर लिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने साल 2008 में कांग्रेस और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) को हरी झंडी दिखाने का हवाला देते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। पार्टी ने पूछा कि क्या इस इस समझौते के तहत भारत के हितों के खिलाफ काम करने और भारतीय बलों के मनोबल को ठेस पहुंचाने की जरूरत है।
पार्टी के प्रवक्ता गौरव भाटिया का यह हमला कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस आरोप को दोहराने के कुछ घंटे बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि लद्दाख में गतिरोध के शुरुआती हफ्तों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कहना कि चीन ने भारतीय क्षेत्र के किसी भी हिस्से पर कब्जा नहीं किया है, सरासर झूठ है। पूरा लद्दाख जानता है कि चीन ने हमारी जमीन हड़प ली है।
इस पर पलटवार करते हुए भाटिया ने कहा कि जब जवाहर लाल नेहरू प्रधानमंत्री थे, तब चीन ने भारत की 43,000 वर्ग किलोमीटर से अधिक जमीन पर कब्जा कर लिया था। भाजपा नेता ने कहा कि गांधी ने हाल ही में 'गद्दार' शब्द का इस्तेमाल उन लोगों के लिए किया था, जिन्होंने भारत माता का एक हिस्सा चीन को दे दिया।
उन्होंने कहा कि गांधी को कांग्रेस और सीसीपी के बीच हस्ताक्षरित एमओयू के विवरण का खुलासा करना चाहिए। भाटिया ने आरोप लगाया कि समझौते में कहा गया है कि उन्हें भारत के खिलाफ जासूसी करने और भारतीय बलों के मनोबल को तोड़ने की आवश्यकता है जब वे चीन के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने राहुल की 'सरेंडर मोदी' वाली टिप्पणी पर कहा, क्या इस एमओयू के लिए उन्हें एक ऐसे प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाना होगा, जो हर नागरिक के लिए सुरक्षा कवच है और जिसने भारत के वैश्विक कद को बढ़ाया है।
यह जिक्र करते हुए कि चीन ने राजीव गांधी फाउंडेशन को भी दान दिया था, भाटिया ने पूछा कि क्या यह 'रिश्वत' भारत के खिलाफ उनके बयानों के पीछे की वजह है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मोदी के नेतृत्व में कोई भी भारत की एक इंच जमीन पर कब्जा करने की हिम्मत नहीं कर सकता। भाटिया ने कहा कि भारत के लोग 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें फिर से आशीर्वाद देंगे और भाजपा बड़े जनादेश के साथ सत्ता में बनी रहेगी।
इससे पहले दिन में राहुल गांधी ने अरुणाचल प्रदेश और अक्साई चिन पर दावा करने वाले चीन द्वारा जारी'मानक मानचित्र' को 'बहुत गंभीर' करार दिया और कहा कि पड़ोसी देश लद्दाख में पहले ही भारत की जमीन ले चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मुद्दे पर बोलना चाहिए। गांधी ने पत्रकारों से कहा, 'मैं अभी-अभी लद्दाख से लौटा हूं और मैं वर्षों से कह रहा हूं कि प्रधानमंत्री ने जो कहा है कि लद्दाख में एक इंच भी जमीन नहीं गंवाई है, वह सरासर झूठ है। पूरा लद्दाख जानता है कि चीन ने हमारी जमीन हड़प ली है।'