{"_id":"64076ccb6ce95a8a480e2b56","slug":"direct-release-of-manish-sisodia-unconditionally-mk-stalin-tells-pm-modi-latest-news-update-2023-03-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Manish Sisodia Arrest: तमिलनाडु के सीएम स्टालिन का पीएम मोदी को पत्र, कहा- बिना शर्त सिसोदिया की रिहाई हो","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Manish Sisodia Arrest: तमिलनाडु के सीएम स्टालिन का पीएम मोदी को पत्र, कहा- बिना शर्त सिसोदिया की रिहाई हो
Tue, 07 Mar 2023 10:26 PM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Tue, 07 Mar 2023 10:26 PM IST
सार
इससे पहले दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का भी साथ मिला था। विजयन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर सिसोदिया के मामले में अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने अपनी चिट्ठी में आरोप लगाया है कि राजनीतिक साजिश के तहत सिसोदिया और विपक्ष के नेताओं को फंसाया जा रहा है।
विज्ञापन
तमिलनाडु के सीएम स्टालिन और पीएम मोदी। (फाइल फोटो)
- फोटो : twitter.com/mkstalin
विस्तार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी। उन्होंने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की बिना शर्त रिहाई का निर्देश देने की मांग की। उन्होंने इसके लिए सभी कदम उठाने की अपील की। स्टालिन ने कहा कि राज्यपाल के कार्यालय सहित जांच एजेंसियों, संवैधानिक कार्यालयों का दुरुपयोग भारत में जीवंत लोकतंत्र को कभी भी मजबूत नहीं कर सकता।
विज्ञापन
दरअसल, सिसोदिया को दिल्ली की आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किया गया है। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता को सीबीआई कोर्ट ने सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। सिसोदिया को फिलहाल तिहाड़ जेल में रखा गया है। इस बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मंगलवार को जेल के अंदर उनसे पूछताछ की।
विज्ञापन
स्टालिन ने प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में कहा कि मुझे उम्मीद है कि आप इस बात से सहमत होंगे कि विभिन्न विचारधाराएं और कई राजनीतिक दल भारतीय लोकतंत्र की धड़कन हैं। इसी तरह कानून का शासन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता हमारी न्याय प्रणाली की आधारशिला हैं। मुझे यह जानकर दुख और निराशा हुई है कि मनीष सिसोदिया को झूठे आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें व्यक्तिगत स्वतंत्रता की संवैधानिक गारंटी से वंचित करते हुए प्रताड़ित किया जा रहा है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने पत्र में आरोप लगाया कि आपराधिक न्याय प्रणाली के सभी सिद्धांतों को हवा में उड़ा दिया गया है। केंद्र में सत्ताधारी पार्टी व्यक्तिगत संतुष्टि के लिए कानून की उचित प्रक्रिया का दुरुपयोग कर रही है। पिछले नौ सालों में केंद्र की सत्ता में बैठी पार्टी ने जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया है। एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों के राजनीतिक नेताओं को परेशान करने के लिए किया जा रहा है।
इससे पहले दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का भी साथ मिला था। विजयन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर सिसोदिया के मामले में अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने अपनी चिट्ठी में आरोप लगाया है कि राजनीतिक साजिश के तहत सिसोदिया और विपक्ष के नेताओं को फंसाया जा रहा है।