तनातनी : दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर भड़के नरोत्तम मिश्रा, कहा- गंगा में स्नान के बिना कुंभ कैसा
देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए पाबंदिया बढ़ाई जा रही हैं। कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार जारी वृद्धि को देखते हुए भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 सीरीज (T20 Matches) के आखिरी तीन मैच के दौरान दर्शकों के स्टेडियम में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। अब भारत इंग्लैंड सीरीज के आखिरी तीन T20 मुकाबले दर्शकों के बिना ही खेले जाएंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने इस फैसले को लेकर मोदी सरकार पर तंजा कसा है। दिग्विजय ने कहा कि हजारों दर्शकों के स्टेडिय आने पर रोक लगा दी गई है, लेकिन उत्तराखंड में लाखों श्रद्धालुओं को कुंभ आने की पूरी छूट दी गई है।
कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर मोदी सरकार को घेरा। दिग्विजय ने ट्वीट में लिखा, ''कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप के कारण T20 क्रिकेट मैच देखने पर तो स्टेडियम में आने पर हजारों दर्शकों पर रोक लगा दी गई है, लेकिन कुंभ में लाखों श्रद्धालुओं को उत्तराखंड में छूट दी गई है।धन्यवाद।''
नरोत्तम मिश्रा ने किया पलटवार
दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर पलटवार करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने भी एक ट्वीट करते हुए लिखा कि राजा साहब, लगता है हिंदू धर्म की आस्था के खिलाफ बयानबाजी आपका शगल बन गया है। ऐसे विषयों पर आप टिप्पणी करने से पहले कुछ सोचने की जहमत भी नहीं उठाते। जरा सोचिए, क्रिकेट मैच तो टीवी पर देखा जा सकता है लेकिन कुंभ स्नान तो गंगा जी में डुबकी लगाकर ही होगा।
राजा साहब, लगता है हिंदू धर्म की आस्था के खिलाफ बयानबाजी आपका शगल बन गया है। ऐसे विषयों पर आप टिप्पणी करने से पहले कुछ सोचने की जहमत भी नहीं उठाते।
जरा सोचिए, क्रिकेट मैच तो टीवी पर देखा जा सकता है लेकिन कुंभ स्नान तो गंगा जी में डुबकी लगाकर ही होगा।@BJP4India @BJYM @INCMP https://t.co/Ozi3zecKDE— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) March 16, 2021
इसके बाद लिया फैसला
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 मैचों के दौरान यह देखा गया कि दर्शकों ने मास्क नहीं पहना हुआ था और स्टेडियम में सोशल डिस्टेंसिंग की भी धज्जियां उड़ाईं जा रही थीं। स्टेडियम में दर्शक कोरोना बचाव संबंधी नियमों को धड़ल्ले से उल्लंघन कर रहे थे, जिसके मद्देनजर गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने दर्शकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया।
टिकट का पैसा होगा रिफंड
हालांकि, जिन दर्शकों ने आखिरी तीन टी20 मैचों को देखने के लिए टिकटें खरीदी थीं, उन्हें गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन रिफंड यानी टिकट के पैसे वापस करेगा। दर्शकों के पैसे वापस करने के लिए पॉलिसी बनाई जाएगी। जीसीए की ओर से कहा गया कि 16,18 और 20 मार्च को होने वाले टी20 मैच बिना दर्शकों के होंगे।