Rajnath Singh: ओडिशा दौरे पर रक्षा मंत्री, लोगों से बोले- BJP ने राजनीति में विश्वसनीयता का संकट समाप्त किया
रक्षा मंत्री पूर्व सैनिकों, भाजपा पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक में भाग लेने और जनसभा में भाग लेने के लिए कुछ ही घंटों में विशाखापत्तनम से ओडिशा के लिए रवाना होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज ओडिशा की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी सदस्यों के साथ एक सभा में भाग लेंगे और मयूरभंज जिले में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। बता दें, यह यात्रा रक्षा मंत्री की आंध्र प्रदेश और ओडिशा की दो दिवसीय यात्रा का हिस्सा है, जो गुरुवार को समाप्त हो रही है।
भाजपा ने राजनीति में विश्वसनीयता का संकट समाप्त किया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस द्वारा पैदा किए गए राजनीति में विश्वसनीयता के संकट को समाप्त किया है और वादों को पूरा करके लोगों का विश्वास हासिल किया है। रक्षा मंत्री सिंह तीन लोकसभा क्षेत्रों नबरंगपुर, कालाहांडी और बोलांगीर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं किया, जिससे लोगों का नेताओं पर से भरोसा उठ गया था, लेकिन भाजपा ने अपने चुनावी वादों को पूरा करके लोगों का भरोसा जीता है। इस प्रकार राजनीति में विश्वसनीयता का संकट समाप्त हुआ है। जनता को अब प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा है। रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस चुनाव के बाद लोगों से किए गए वादे ‘भूल’ जाती थी और इसलिए लोगों का नेताओं पर से भरोसा उठ’ गया था।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'लोगों ने पीएम मोदी में इतना भरोसा दिखाया है कि केंद्र सरकार में उनका तीसरा कार्यकाल होगा और चौथा कार्यकाल भी होगा।'
2014 के बाद से चीजें बदली
रक्षा मंत्री ने आगे कहा लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के 2014 में सत्ता में आने के बाद से चीजें बदली हैं। आप हमारे चुनाव घोषणापत्र को देख सकते हैं और आप पाएंगे कि सभी वादे पूरे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनुच्छेद 370 को समाप्त करने, तीन तलाक को खत्म करने और अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण का वादा किया था और सभी वादे पूरे किए गए। उन्होंने कहा कि लोगों को अब एहसास हो गया है कि भाजपा जो वादे करती हैं उन्हें पूरा करती है।
रक्षा मंत्री ने कहा, 'हम (भाजपा) लोगों की सेवा करने की और राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति करते हैं केवल देश पर शासन करने की नहीं।' उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक मोर्चे पर तेजी से प्रगति कर रहा है और वह 2047 तक विकसित राष्ट्र बन जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से दिन के 12 घंटे पार्टी के प्रति समर्पित करने का आग्रह किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केंद्र में मोदी सरकार बने और ओडिशा में डबल इंजन की सरकार बने।
सिंह ने कहा, 'ओडिशा को भी डबल इंजन सरकार की जरूरत है, राजनीतिक समीक्षकों का कहना है कि हम यहां सरकार बनाएंगे। मेरा ओडिशा के साथ भावनात्मक लगाव है। हमने कांग्रेस के शासन के दौरान भारत सुरक्षा यात्रा निकाली थी। मैंने यात्रा की शुरुआत ओडिशा से की थी।’
मिलन 2024 में लिया था भाग
इससे पहले, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को विशाखापत्तनम में मिलन 2024 अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह में एक सभा को संबोधित किया। गौरतलब है, मिलन 2024 भारतीय नौसेना का अब तक का सबसे बड़ा बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास है, जो विशाखापत्तनम में शुरू हो रहा है। इस दौरान 50 से अधिक देशों के युद्धपोत और विमानों का बेड़ा महासागर और बंदरगाह पर सैन्य अभ्यास करेगा।
कुछ ही घंटों में पहुचेंगे
रक्षा मंत्री पूर्व सैनिकों, भाजपा पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक में भाग लेने और जनसभा में भाग लेने के लिए कुछ ही घंटों में विशाखापत्तनम से ओडिशा के लिए रवाना होंगे। सिंह की ओडिशा की एक दिवसीय यात्रा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के 2024 के आम चुनावों और ओडिशा विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों का दौरा करने के कार्यक्रम का हिस्सा है।
आज रहेंगे क्लस्टर दौरे पर
राजनाथ सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि आज यानी 22 फरवरी को वह ओडिशा में एक क्लस्टर दौरे पर रहेंगे। साथ ही लोगों को संबोधित करने के लिए बहुत उत्सुक हैं। वहीं, ओडिशा के भाजपा नेताओं ने बताया कि मंत्री नबरंगपुर और बेरहामपुर जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक करेंगे। इसके अलावा मयूरभंज में एक जनसभा में भाग लेंगे, बाद में क्लस्टर टूर की शुरुआत करेंगे।
शाम को सभा को करेंगे संबोधित
बताया जा रहा है कि मंत्री शाम करीब चार बजे मयूरभंज जिले के बारीपदा स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां वह लोगों को संबोधित करेंगे।