CWC List: कांग्रेस नेता चेन्निथला सीडब्ल्यूसी की नई सूची से नाराज, वेणुगोपाल ने उन्हें राष्ट्रीय नेता बताया
चेन्निथला के करीबी सूत्रों ने दावा किया कि वरिष्ठ नेता को कांग्रेस की प्रमुख समिति में स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, इस पद पर वह 19 साल पहले भी थे, जबकि शशि थरूर, जो एक दशक पहले ही कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे, उनको सीडब्ल्यूसी सदस्य बनाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पदभार संभालने के करीब 10 महीने बाद रविवार को कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का पुनर्गठन किया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को तरजीह दी गई है। इसी बीच केरल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला सीडब्ल्यूसी की नई सूची से नाराज बताए जा रहे हैं। चेन्निथला को सूची में स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में नामित किया गया है। उनके करीबी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, चेन्निथला सीडब्ल्यूसी का सदस्य बनाए जाने की उम्मीद कर रहे थे। चेन्निथला के नेतृत्व में एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीसन जैसे नेताओं ने काम किया था, जब पार्टी में उनके अच्छे दिन चल रहे थे।
चेन्निथला के करीबी सूत्रों ने दावा किया कि वरिष्ठ नेता को कांग्रेस की प्रमुख समिति में स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, इस पद पर वह 19 साल पहले भी थे, जबकि शशि थरूर, जो एक दशक पहले ही कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे, उनको सीडब्ल्यूसी सदस्य बनाया गया है।
पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए चल रहे अभियान को देखते हुए चेन्निथला ने इस मामले पर मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया है, लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अपनी नाराजगी से अवगत करा दिया है। एक सूत्र ने बताया, वह एक बार फिर अपमानित महसूस कर रहे हैं। इससे पहले, उन्हें 2021 विधानसभा चुनाव के बाद विपक्ष के नेता के पद से वंचित कर दिया गया था।
सीडब्ल्यूसी में चेन्निथला को सदस्य के रूप में शामिल न किए जाने को लेकर पूछे गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए एआईसीसी महासचिव वेणुगोपाल ने अलाप्पुझा में मीडिया से कहा कि कांग्रेस के पास आंतरिक समस्याओं को बड़े अच्छे से हल करने की क्षमता है। वेणुगोपाल ने कहा, रमेश चेन्निथला न केवल केरल के नेता हैं, बल्कि वह भारत में कांग्रेस के महत्वपूर्ण नेताओं में से एक हैं। यदि उन्हें (सीडब्ल्यूसी सूची के संबंध में) कोई कठिनाई है, तो पार्टी नेतृत्व इसे हल करने में संकोच नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी चेन्निथला की सेवाओं का उपयोग करेगी।
वेणुगोपाल ने आगे कहा कि चिंतन शिविर में लिए गए निर्णय के अनुसार, पिछड़े, एससी/एसटी और अल्पसंख्यक समुदायों के नेताओं के लिए 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करके पुनर्गठन किया गया है। साथ ही उन्होंने सीडब्ल्यूसी सूची को "एक क्रांतिकारी" बताया। इस बीच सतीसन ने कहा कि चेन्निथला को सूची पर कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने दावा किया, वह ऐसे नेता हैं जो कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के किसी भी फैसले के साथ मजबूती से खड़े रहते हैं।
कार्य समिति में खरगे के साथ पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस कार्य समिति में 39 सदस्य, 32 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 13 विशेष आमंत्रित सदस्य (चार पदेन सदस्यों समेत) शामिल किए गए हैं। बता दें कि कांग्रेस के चारों अग्रिम संगठनों-युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और सेवा दल के प्रमुख कार्यसमिति में पदेन सदस्य होते हैं।