{"_id":"62d23b49b849194dd10939e0","slug":"covid19-india-16-july-corona-cases-india-today-death-and-active-cases-health-ministry-corona-updates-today","type":"story","status":"publish","title_hn":"Covid-19: कोरोना ने बढ़ाई चिंता, सक्रिय मरीजों की संख्या 1.40 लाख के पार, 56 लोगों की गई जान","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Covid-19: कोरोना ने बढ़ाई चिंता, सक्रिय मरीजों की संख्या 1.40 लाख के पार, 56 लोगों की गई जान
Sat, 16 Jul 2022 05:32 PM IST
संजीव कुमार झा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: संजीव कुमार झा
Updated Sat, 16 Jul 2022 05:32 PM IST
सार
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी शनिवार (16 जुलाई) के आंकड़ों के अनुसार देश में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 1,40,760 हो गई है जो कि कल की तुलना में 1,687 अधिक है।
विज्ञापन
भारत में कोरोना के मामले
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी ने एक बार फिर से लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी शनिवार (16 जुलाई) के आंकड़ों के अनुसार देश में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 1,40,760 हो गई है जो कि कल की तुलना में 1,687 अधिक है। वहीं बीते 24 घंटों में कोरोना के 20,044 नए मामले सामने आए हैं और 18,301 लोग स्वस्थ भी हुए। इस दौरान 56 मरीजों की जान भी चली गई। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 5,25,660 लोगों की मौत हुई है।
विज्ञापन
दिल्ली में बढ़ी कोरोना की रफ्तार
दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना के 601 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमण की दर 3.64 फीसदी दर्ज की गई है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दौरान एक भी मौत नहीं हुई। राष्ट्रीय राजधानी में अब तक संक्रमण के 19,43,026 मामले सामने आ चुके हैं और 26,289 मरीजों की मौत हो चुकी है। बुलेटिन में कहा गया कि एक दिन पहले 16,499 सैंपलों की जांच की गई। बता दें कि दिल्ली में शुक्रवार के आंकड़ों में 520 मामले सामने आए थे और एक मरीज की मौत हो गई थी। बुलेटिन में कहा गया कि वर्तमान में दिल्ली में कोविड के 2,010 मरीज उपचाराधीन हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
मुंबई में बीते 24 घंटों में कोरोना के 365 नए मामले
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बीते 24 घंटों में कोरोना के 365 नए मामले सामने आए हैं और दो लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 1,120,537 हो गई है जबकि कुल मृतकों की संख्या 19,629 हो गई है। हालांकि इस दौरान 528 लोग स्वस्थ भी हुए। फिलहाल शहर में 2,640 सक्रिय मरीज है। वहीं, नागपुर के जैताला इलाके में स्थित एक निजी स्कूल के 38 स्कूली छात्र रविवार 17 जुलाई को कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
डब्ल्यूएचओ ने कोरोना को लेकर फिर जारी की चेतावनी
कोरोना वायरस महामारी ने फिर से सिर उठा लिया है। ढाई साल से कहर ढा रहे कोरोना वायरस के एक नए सब-वैरिएंट ने अमेरिका सहित दुनिया के कई देशों में चिंता बढ़ा दी है। कोरोना वायरस के वैरिएंट ओमिक्रोन के इस सब-वैरिएंट को बीए.5 नाम से जाना जा रहा है। कई विशेषज्ञों ने इसे अब तक सबसे अधिक संक्रामक सब-वैरिएंट बताया है। इसके तेजी से हो रहे फैलाव को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) दुनिया के तमाम देशों से मास्क पहनना फिर से अनिवार्य करने की गुजारिश किया है।
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री अस्पताल में भर्ती
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम में कोविड-19 के लक्षण दिखने के बाद उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एमजीएम हेल्थकेयर के मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है कि पनीरसेल्वम को 15 जुलाई को कोविड-19 की वजह से आइसोलेशन में रखा गया था। वह वर्तमान में हमारे विशेषज्ञों की एक टीम की निगरानी में हैं। उनकी हालत स्थिर है और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवा दी जा रही है।