खौफ: नए केस घटे लेकिन दहशत बढ़ी, देश में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 4525 की मौत
देश में आज 2.67 लाख नए कोरोना मरीज मिले हैं। वहीं बीते 24 घंटे में 4,525 की जान जा चुकी है। यह एक दिन में जान गंवाने वालों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
विस्तार
देश कोरोना महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप जारी है। देश में जहां एक ओर नए मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन वहीं दूसरी ओर कोरोना से होने वाली मौतों के आंकड़े से दहशत का माहौल है। देश में आज 2.67 लाख नए कोरोना मरीज मिले हैं। वहीं बीते 24 घंटे में 4,525 की जान जा चुकी है। यह एक दिन में जान गंवाने वालों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बुधवार को लगातार तीसरे दिन तीन लाख से कम कोरोना के नए मरीज मिले हैं। बीते 24 घंटों में 2,67,334 नए कोरोना मरीज मिले हैं। इसके साथ ही देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2,54,96,330 पहुंच गई है।
India reports 2,67,334 new #COVID19 cases, 3,89,851 discharges & 4529 deaths (highest in a single day) in last 24 hrs, as per Health Ministry.
विज्ञापन विज्ञापन
Total cases: 2,54,96,330
Total discharges: 2,19,86,363
Death toll: 2,83,248
Active cases: 32,26,719
Total vaccination: 18,58,09,302 pic.twitter.com/iXabFEM0M5 — ANI (@ANI) May 19, 2021
नहीं थम रहा मौतों का सिलसिला
देश में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। महामारी के दस्तक देने से लेकर अब तक पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 4529 लोगों ने कोरोना संक्रमण के चलते दम तोड़ा है। यह देश में कोरोना से एक दिन में हुई मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे एक दिन पहले 4,329 लोगों की मौत हुई थी। इसके साथ ही कोविड से मरने वालों की संख्या 2,83,248 पहुंच गई। बता दें कि देश में पिछले करीब एक हफ्ते से हर रोज कोरोना से 4 हजार से अधिक लोगों की मौत होने का सिलसिला जारी है।
सक्रिय मामलों में आई गिरावट
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में एक बार फिर सक्रिय मामलों का ग्राफ नीचे आ रहा है। राहत की बात ये है कि पिछले 24 घंटे में 3,89,851 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 2,19,86,363 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों संख्या अधिक है, जिससे सक्रिय मामलों में गिरावट आई है। फिलहाल, देश में 32,26,719 सक्रिय मामले हैं।