23 राज्यों में जमातियों से फैला कोरोना संक्रमण, तमिलनाडु, दिल्ली और यूपी में सबसे ज्यादा
देश में कोरोना वायरस की जांच का दायरा बढ़ने के साथ नए मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में संक्रमण बढ़ाने में सबसे बड़ी भूमिका तब्लीगी जमातियों की रही है। अब तक 23 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना संक्रमित जमाती मिल चुके हैं। देश के 29.8 फीसदी मरीज सिर्फ जमात से जुडे़ हैं। वहीं, देश के 45 जिलों में 14 दिनों से कोई नया केस नहीं मिला है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि शनिवार सुबह तक 14,378 संक्रमित मरीजों में से 4,291 जमात से जुड़े हैं। इस घटना ने साबित कर दिया कि किसी भी तरह की लापरवाही बड़ी चुनौती बन सकती है। मरीजों की संख्या के लिहाज से शीर्ष 10 राज्यों में पांच राज्य ऐसे हैं, जहां जमाती मरीजों की संख्या सर्वाधिक है। तमिलनाडु, दिल्ली, तेलंगाना, यूपी व आंध्र प्रदेश में संक्रमिताें में सबसे ज्यादा जमाती हैं। जिन राज्यों में सबसे कम मरीज हैं, वहां भी जमात से जुड़े संक्रमितों की संख्या ज्यादा है।
तमिलनाडु में 84%, यूपी में 59% मरीज जमात से
- तमिलनाडु में 84, दिल्ली में 63, तेलंगाना में 79, यूपी में 59 और आंध्र प्रदेश में 61 फीसदी संक्रमित मरीज तब्लीगी जमात से हैं।
- अरुणाचल प्रदेश में अब तक एक मरीज मिला है वह भी मरकज में शामिल था।
- असम में 35 में से 32 यानी 91% और अंडमान व निकोबार में 12 में से 10 मरीज यानी 81% मामले तब्लीगी जमात से हैं।
विदेशियों की वीजा अवधि बढ़ाई
गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्यसलिला श्रीवास्तव ने बताया कि जो विदेशी नागरिक भारत में फंसे हैं, उनकी वीजा अवधि 3 मई तक बढ़ाई जाएगी। इसके लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा और न ही कोई जुर्माना लगेगा।
23 राज्यों के 47 जिलों में सकारात्मक रुख
23 राज्यों के 47 जिलों में सकारात्मक ट्रेंड देखने को मिला है। बीते 28 दिनों में पुड्डुचेरी के माहे और कर्नाटक के कोडागू में कोई नया संक्रमित नहीं मिला है।
घबराएं नहीं, हम मिलकर कोरोना को हराएंगे
पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, घबराने की जरूरत नहीं है। सभी लोग एहतियात बरतें। हम मिलकर कोरोना को हराएंगे। बीसीसीआई का वीडियो लिंक कर उन्होंने लिखा, आज सबसे अहम काम टीम मास्कफोर्स का हिस्सा बनना है।