Covid-19: गुजरात के सूरत में दीवाली के बाद लौटने पर दिखानी होगी आरटी-पीसीआर रिपोर्ट
कोरोना वायरस के मामलों को लेकर फिलहाल देश में स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है। यह स्थिति काबू में ही रहे इसके लिए भी हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत गुजरात के सूरत में दीवाली की छुट्टियों के बाद शहर लौटने वालों के लिए निगेटिव आरटी-पीसीआर रिपोर्ट पेश करना अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, कर्नाटक ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। केरल में आज नौ हजार से ज्यादा मामले सामने आए तो बंगाल के एक इलाके में लॉकडाउन लगा दिया गया है। यहां पढ़िए कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से बचने के एक प्रयास के तौर पर गुजरात के सूरत शहर में दीपावली की छुट्टियों के बाद वापस लौटने वाले लोगों के लिए आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट पेश करना अनिवार्य कर दिया गया है। सूरत नगर निगम के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि जांच सभी के लिए अनिवार्य होगी, भले ही वह वैक्सीन की दोनों खुराक ही क्यों न लगवा चुके हों। जांच रिपोर्ट 72 घंटे से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।
नगर निगम ने कहा कि यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि शहर में कोविड-19 के मामलों में तेजी न आ जाए। दीपावली और अन्य छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में लोग, विशेष रूप से शहर की हीरा और कपड़ा इकाइयों में लगे प्रवासी श्रमिक, अपने गृह नगर जाते हैं। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी प्रदीप उमरीगर ने कहा कि हम लोगों से छुट्टियों पर अपने घर जाने से पहले इसके टीके की दूसरी खुराक लगवा लेने का अनुरोध भी किया है।
कर्नाटक: अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नए दिशानिर्देश जारी
उधर, कर्नाटक सरकार ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके तहत कोरोना वायरस के नए सुपरस्प्रेडर वैरिएंट एवाई.4.2 डेल्टा को देखते हुए विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए निगेटिव आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट पेश करना अनिवार्य कर दिया गया है। यह वैरिएंट कुछ देशों में फैल रहा है। यात्रियों को ऑनलाइन पोर्टल एयर सुविधा पर यात्रा से पहले अपनी निगेटिव रिपोर्ट को लेकर एक स्व घोषणापत्र भी भरना होगा।
इसके अलावा थर्मल स्क्रीनिंग के बाद केवल एसिम्टोमैटिक यात्रियों को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी। यात्रियों को अपने मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने को भी कहा गया है। स्क्रीनिंग के दौरान ऐसे लोगों को तुरंत आइसोलेट किया जाएगा और स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुसार चिकिस्ता सुविधा केंद्र में ले जाया जाएगा, जिनमें बीमारी के लक्षण दिख रहे होंगे। अगर उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आती हो तो कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू की जाएगी।
कर्नाटक में डेल्टा वैरिएंट के 7 मामले
कर्नाटक में कोरोना वायरस के डेल्टा वैरिएंट से सात नए मामले हैं। इनमें से दो मामले नए सुपरस्प्रेडर कहे जा रहे एवाई.4.2 वैरिएंट के हैं। राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आयुक्त डी रणदीप ने बुधवार को बताया कि इनमें से तीन मामले राजधानी बंगलूरू में और बाकी राज्य के अन्य हिस्सों में हैं। उन्होंने कहा कि नए वैरिएंट से किसी की मौत की जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन दो लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
केरल: 9445 नए मामले, 93 की मौत
केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 9445 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 6723 लोग ठीक हुए तो 93 संक्रमितों की जान चली गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या इस समय 76,554 है।
बंगाल के सोनारपुर में तीन दिन के लिए लॉकडाउन
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में तीन के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस दौरान केवल आवश्यक सेवाओं को गतिविधि की अनुमति दी गई है। दरअसल, दुर्गा पूजा के बाद कोरोना के मामलों में तेजी दर्ज किए जाने के बाद यह फैसला लिया गया है। सोनारपुर में अभी तक 19 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।
वहीं, उत्तर 24 परगना जिले में भी कोरोना संक्रमण के प्रसार में तेजी देखी गई है। इसे लेकर सतर्क हुए प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन बनाने की शुरुआत कर दी है। जानकारी के अनुसार जिले में अब तक 58 माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं। आईसीएमआर ने भी इसे लेकर चिंता व्यक्त की थी और बंगाल सरकार को एक पत्र भी लिखा था।
छठ पूजा को देखते हुए बिहार सक्रिय
बिहार में दीपावली के साथ छठ पूजा आने को है और इसे देखते हुए राज्य सरकार सक्रिय हो गई है। प्रदेश में छठ पूजा तक हर रोज सवा दो लाख लोगों की कोरोना जांच करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।