फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Coronavirus Case News In Hindi : State wise roundup of Corona virus, two hard red zones in Maharashtra, 19 deaths in 24 hours

कोरोना का राज्यवार राउंडअप, महाराष्ट्र में दो हार्ड रेड जोन और 24 घंटे में 19 मौत

Thu, 23 Apr 2020 02:46 AM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/मुंबई।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/मुंबई। Published by: योगेश साहू Updated Thu, 23 Apr 2020 02:46 AM IST
विज्ञापन
Coronavirus Case News In Hindi : State wise roundup of Corona virus, two hard red zones in Maharashtra, 19 deaths in 24 hours
नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन के पास मास्क पहने हुए एक सरकारी कर्मचारी। - फोटो : PTI

महाराष्ट्र में कोरोना महामारी खतरनाक रूप लेती जा रही है। बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटे में संक्रमण से 19 और लोगों की मौत हो गई, जबकि 553 नए मामले रिपोर्ट हुए। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 251 हो गई और 5229 लोग इसकी चपेट में हैं। मुंबई और पुणे सबसे प्रभावित जिले हैं।

विज्ञापन


मुंबई में सर्वाधिक 3451 लोग इसकी चपेट में हैं। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बुधवार को मुंबई की घनी आबादी वाली झुग्गी बस्ती धारावी में क्वारंटीन सेंटर का दौरा किया। अकेले धारावी में कोरोना के 180 केस आ चुके हैं। वहीं, मंगलवार रात पुणे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिले में अब तक 55 लोग जान गंवा चुके हैं।
विज्ञापन


देशभर में स्वास्थ्य टीमों पर हमले की खबरों के बीच नागपुर में आशा कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि सर्वे के दौरान उनके साथ गाली गालौच की गई और उन पर पथराव किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, औरंगाबाद से एआईएमआईएम सांसद इम्तियाज जलील ने कहा कि अगर पुलिस सुरक्षा में लॉकडाउन के दौरान जिले में शराब की दुकानें खोलने की इजाजत दी गई तो वह इसका विरोध करेंगे।

मध्यप्रदेश: इंदौर में 24 घंटे में 290 की रिपोर्ट आई निगेटिव
मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं 24 घंटे में इंदौर के अस्पतालों में भर्ती कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच के बाद कुल 26 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। लगभग 316 नमूनों की जांच रिपोर्ट में 290 मरीजों की निगेटिव रिपोर्ट आई है।

कलेक्टर मनीष सिंह के मुताबिक एक अच्छी खबर यह भी है कि पुलिस विभाग के कर्मचारियों के जो 32 नमूने लिए गए थे, वे सभी नेगेटिव आए हैं। बुधवार को पॉजिटिव मिले सभी 26 मरीज यलो अस्पताल में उपचार के लिए पहले से ही भर्ती हैं, जिन्हें अब रेड जोन के अस्पतालों में शिफ्ट किया जाएगा। दो मरीजों की मौत भी हुई है।

इंदौर में जेल तक पहुंचा संक्रमण, 6 कैदी पॉजिटिव
इससे पहले देश के हॉट स्पॉट जिलों में शामिल इंदौर के सेंट्रल जेल तक वैश्विक महामारी पहुंच गई। जेल के छह कैदी पॉजिटिव पाए गए। इसमें पिछले दिनों चंदन नगर में एक स्वास्थ्य टीम पर पत्थरबाजी करने के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति और उसका बेटा भी शामिल है।

सेंट्रल जेल के उपाधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया ने बताया कि पत्थरबाजी के आरोप में गिरफ्तार पिता-पुत्र के साथ बैरक में रखे गए दूसरे कैदी दोनों के संपर्क में आने के बाद संक्रमित हो गए। अब तक छह कैदी कोरोना से संक्रमित हैं, जिन्हें एमआरटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है। चार जेल अधिकारियों और एक कैदी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 29 जेल स्टाफ और 20 कैदियों की रिपोर्ट आनी बाकी है। मध्य प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 1552 हो गया है।

कोरोना से मरे पिता को बेटे ने नहीं दी मुखाग्नि
कोरोना वायरस ने मानवीय रिश्तों को तार-तार कर दिया है। बीमारी का खौफ ऐसा कि एक बेटे ने कोरोना से मरे पिता को मुखाग्नि भी देने से इनकार कर दिया। अफसरों ने कोरोना संक्रमित मरीजों की सेवा कर रहे डॉक्टर, नर्स और कर्मचारियों का हवाला भी दिया, फिर भी वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ।

उसने लिखकर दे दिया कि उसे पीपीई किट पहनने और उतारने नहीं आती है। पति को खो चुकी मां ने भी बेटे का समर्थन करते हुए अफसरों से कहा कि आपको आता है, आप ही मेरे पति का अंतिम संस्कार कर दो। इसके बाद तहसीलदार गुलाब सिंह बघेल ने अंतिम संस्कार किया। पूरा परिवार चिता से 50 मीटर दूर खड़ा रहा।

आंध्र में संक्रमितों की संख्या 800 पार

आंध्र प्रदेश में बुधवार सुबह तक 56 नए मामले रिपोर्ट हुए। राज्य में संक्रमण के कुल 813 मामले हो गए, जबकि मृतकों की संख्या 24 हो गई। राज्य के सर्वाधिक प्रभावित जिले कुरनूल और गुंटूर में 19-19 नए मामले आए और संक्रमितों की संख्या क्रमश: 203 और 177 हो गई। वहीं, आंध्र सरकार ने लॉकडाउन के चलते गुजरात में फंसे राज्य के मछुआरों को 2 से 6 हजार रुपये तक मदद करने की घोषणा की है।  

गुजरात में कोरोना से 5 और लोगों की मौत
गुजरात में कोरोना से पांच और मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में इस रोग से मरने वाले लोगों की संख्या 95 हो गई है। 94 और लोगों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद संक्रमितों की संख्या 2,272 हो गई। प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बुधवार को बताया कि चार लोगों की मौत अहमदाबाद में हुई, जबकि वलसाड के एक व्यक्ति ने सूरत के अस्पताल में दम तोड़ दिया। वलसाड के 21 वर्षीय व्यक्ति को ब्रेन ट्यूमर भी था।

तेलंगाना में चार टीवी पत्रकार क्वारंटीन
तेलंगाना में होम क्वारंटीन एक विधायक के साथ लंच करने वाले एक न्यूज चैनल के चार पत्रकारों को क्वारंटीन किया गया है। पत्रकारों के अलावा पांच अन्य भी क्वारंटीन किए गए हैं। एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि विधायक के साथ लंच करने का यह मामला कुछ दिन पहले हैं। मामला प्रकाश में आने के बाद चारों पत्रकारों को क्वारंटीन किया गया है। जोगुलाम्बाद गदवाल जिले को केंद्र सरकार ने रेड जोन घोषित किया है।

पश्चिम बंगाल: कोरोना पॉजिटिव महिला ने बच्चे को दिया जन्म

पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में कोरोना पॉजिटिव महिला ने बुधवार को एक बच्चे को जन्म दिया। दोनों की हालत स्थिर है। महिला को 13 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। इसके बाद उसका टेस्ट पॉजिटिव आया था।

राजस्थान में 64 नए पॉजिटिव केस
राजस्थान में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 1799 हो गई। बुधवार को यहां 64 नए केस रिपोर्ट हुए। इनमें अकेले 44 लोग अजमेर में संक्रमित पाए गए। 26 लोग प्रदेश में मारे जा चुके हैं। इस बीच, कोरोना के मद्देनजर विश्व प्रसिद्ध अजमेर दरगाह के दीवान (प्रमुख) जैनुल आबदीन अली खान ने मुस्लिमों से मस्जिदों में जाने के बजाय रमजान के दौरान घरों में रहकर नमाज पढ़ने की अपील की है।

पुड्डुचेरी के सीएम, मंत्रियों का टेस्ट आज
केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, उनके मंत्रियों और विधायकों के अलावा सांसदों का बृहस्पतिवार को विधानसभा परिसर में कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। राज्य में 7 पॉजिटिव मामले आ चुके हैं।

केरल: नर्सों को दूसरे राज्यों से वापस लाने की मांग

दूसरे राज्यों में काम कर रहीं केरल की नर्सों को वापस लाने के लिए हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई है। केरल के स्थानीय संगठन यूनाइटेड नर्स एसोसिएशन (यूएनए) ने अपनी इस याचिका में दावा किया कि कोरोना के लक्षण दिखने के बावजूद दूसरे राज्यों में काम कर रहीं नर्सों का टेस्ट नहीं कराया जा रहा है। उन्हें जबरन काम के लिए मजबूर किया जा रहा है। दूसरे प्रदेशों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं, ऐसे में मलयाली नर्सों को केरल वापस लाने के लिए राज्य सरकार को निर्देश दिया जाना चाहिए।

ओडिशा में आए तीन नए मामले
ओडिशा के भद्रक जिले में कोरोना के तीन नए केस मिले हैं। जिले में 11 मरीज पाए गए हैं। नए मामलों के साथ प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 82 हो गई। 72 साल के एक व्यक्ति की 6 अप्रैल को मौत हो गई थी। प्रदेश में कोरोना से यह पहली मौत थी।

कर्नाटक में चार माह का बच्चा संक्रमित
कर्नाटक में बुधवार को 7 सात लोगों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 425 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इनमें सात महीने का एक बच्चा भी संक्रमित है। अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed