कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक 6 को, राहुल की ताजपोशी पर रहेंगी निगाहें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की नवंबर 2016 में हुई बैठक में राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कोई फैसला नहीं लिया है। बावजूद इसके छह जून को बुलाई गई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में एक बार फिर राहुल की ताजपोशी का मामला उठ सकता है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे को अंतिम रूप दे रहे हैं। मुख्य एजेंडा में राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी की भूमिका, अक्तूबर तक संगठन चुनाव, चुनावी राज्यों की संगठनात्मक रणनीति और देश के वर्तमान हालातों व चुनौतियों पर चर्चा को रखे जाने की उम्मीद है।
पार्टी में राहुल गांधी समर्थक एक बार फिर सक्रिय हैं। उनका कहना है कि बीते साल कई महत्वपूर्ण बैठकें राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई थीं। विपक्षी पार्टियों के नेताओं से तालमेल के कार्यक्रमों में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
कांग्रेस राष्ट्रपति चुनाव को लेकर विपक्ष के फैसले के साथ
नवंबर में हुई सीडब्ल्यूसी में वरिष्ठ नेता एके एंटनी आमसहमति से एक प्रस्ताव लाए थे, जिसमें कहा गया था कि अब राहुल गांधी को अध्यक्ष चुन लेना चाहिए। सीडब्ल्यूसी ने अपनी भावना से कांग्रेस अध्यक्ष को अवगत करा कर फैसला उन्हीं पर छोड़ दिया था।
वैसे तो कांग्रेस राष्ट्रपति चुनाव को लेकर विपक्ष के फैसले के साथ है, लेकिन सीडब्ल्यूसी में पार्टी अपना पक्ष तय करेगी। कांग्रेस चाहती है कि चुनाव में विपक्ष का अपना उम्मीदवार भी हो। बैठक में संगठनात्मक चुनावों पर भी फैसला होना है।
पार्टी के आंतरिक चुनावों को लेकर चुनाव आयोग ने 31 दिसंबर तक का समय दिया है। जानकारी के मुताबिक पार्टी अक्तूबर तक अपनी चुनावी प्रक्रिया पूरी कर लेगी। इस दौरान राहुल गांधी की ताजपोशी भी संभव है।
बैठक में गुजरात, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, नगालैंड आदि विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में संगठनात्मक चुनाव टालने की भी मांग हो सकती है। कुछ राज्यों ने भाजपा की तर्ज पर प्रशासनिक जिलों से इतर संगठन की दृष्टि से नए जिले और ब्लाक बनाने की मांग की है। बैठक में इस मांग पर भी फैसला हो सकता है।