Corona New Variant: कांग्रेस का पीएम मोदी पर निशाना, कहा- ओमिक्रॉन के खतरे से सरकार बेखबर, पीएम लगातार कर रहे रैलियां
विपक्ष ने महामारी से निपटने को लेकर सरकार पर ऐसे समय पर हमला किया है जब एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री ने 15 से 18 साल की उम्र के किशोरों को 3 जनवरी से टीका दिए जाने का एलान किया। वहीं, 10 जनवरी से अंग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को एहतियात के तौर पर टीका दिए जाने की घोषणा की।
विस्तार
सरकार पर कोरोना के ओमिक्रॉन स्वरूप के खतरे को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्पष्ट टीकाकरण नीति की मांग की। पार्टी ने कहा कि सरकार को पांच साल से 15 साल के बच्चों के टीकाकरण के लिए खाका तैयार करना चाहिए। कांग्रेस ने राजनीतिक रैलियों के लिए प्रधानमंत्री कटाक्ष करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में शादियों में 200 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई है जबकि प्रधानमंत्री की रैलियों में लाखों की भीड़ जुट रही है।
विपक्ष ने महामारी से निपटने को लेकर सरकार पर ऐसे समय पर हमला किया है जब एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री ने 15 से 18 साल की उम्र के किशोरों को 3 जनवरी से टीका दिए जाने का एलान किया। वहीं, 10 जनवरी से अंग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को एहतियात के तौर पर टीका दिए जाने की घोषणा की। कांग्रेस प्रवक्ता ने रणदीप सुरजेवाला कहा कि मोदी सरकार ने महामारी के दौरान भारत को विफल किया। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि महामारी के दौरान कुप्रबंधन की वजह से 40 लाख भारतीयों की जानें गईं।
राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो भाजपा को चुनौती दे सकती है: पायलट
वहीं, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने रविवार को कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को चुनौती दे सकती और उसकी जगह ले सकती है। पायलट ने कहा कि राजस्थान में भाजपा मजबूत विपक्ष बनने लायक भी नहीं रही है, पार्टी न तो सत्ता में सुशासन दे सकती है और न ही राजस्थान में विपक्ष का काम कर सकती है । उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में लगातार हर उपचुनाव और अन्य चुनावों में हार रही है।
उन्होंने कहा कि देश के पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन बहुत बेहतर रहेगा और एक बदलाव शुरू हो गया है जिसका इस उपचुनाव में एक परिचय मिलेगा और 2024 में भाजपा को चुनौती देने के लिये कांग्रेस ही वो दल है जो उनको बदल सकता है।