गोवा: कांग्रेस ने राज्यपाल को पत्र लिख किया सरकार बनाने का दावा, भाजपा ने बुलाई विधायकों की बैठक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस ने राज्यपाल मृदुला सिन्हा को चिट्ठी लिखकर गोवा में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। पार्टी ने कहा कि फ्रांसिस डिसूजा के निधन के बाद से विधानसभा में भाजपा के 13 विधायक हैं। मनोहर परिकर के नेतृत्व वाली सरकार लोगों का विश्वास खो चुकी है। ऐसे में जो पार्टी अल्पमत में है, उसको सरकार में रहने का कोई हक नहीं है। हम चाहते हैं कि मौजूदा सरकार को बर्खास्त किया जाए और सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका दिया जाए। कांग्रेस के इस दावे के बाद गोवा भाजपा ने राजधानी पणजी में अपने विधायकों की बैठक बुला ली है।
राज्यपाल सिन्हा को लिखे पत्र में नेता विपक्ष चंद्रकांत कावलेकर ने परिकर सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है। कांग्रेस ने सरकार गठन का दावा पेश करते हुए कहा कि हम राज्य में विधायकों की संख्या के मामले में सबसे बड़ी पार्टी हैं और हमें सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए।
डिसूजा की मौत के बाद पहले से ही अल्पमत में चल रही भाजपा सरकार का समर्थन और कम हो गया है। यही नहीं, कांग्रेस ने लिखा कि यदि सूबे में राष्ट्रपति शासन लगाने का प्रयास किया जाता है तो यह अवैध होगा और इसे कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।
40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में कांग्रेस सबसे बड़ा दल है। हाल में उसके दो विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उसकी संख्या घटकर 14 हो गई। वहीं, डिसूजा की मौत के बाद भाजपा के पास 13 विधायक हैं। भाजपा को महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) और गोवा फारवर्ड पार्टी के तीन-तीन विधायकों के अलावा निर्दलीय विधायकों का समर्थन हासिल है।