Tamil Nadu Politics: कांग्रेस ने राज्यपाल पर लगाया विजय को सरकार गठन से रोकने का आरोप, भाजपा पर भी साधा निशाना
तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने राज्यपाल पर टीवीके नेता विजय को सरकार बनाने से रोकने का आरोप लगाया है और भाजपा पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
विस्तार
तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन को लेकर माहौल गरमा गया है। इस बीच कांग्रेस नेता सेन्नीमलाई ज्योतिमणि ने राज्यपाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि टीवीके (TVK) नेता विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया जा रहा है, जो सही नहीं है। कांग्रेस नेता ने भाजपा पर 'लोक भवन के माध्यम से राजनीति' करने का आरोप लगाते हुए तत्काल इस पर रोक लगाने की मांग की।
बहुमत साबित करने का स्थान- विधानसभा, लोक भवन नहीं
कांग्रेस नेता ज्योतिमणि ने साफ कहा कि बहुमत साबित करने की असली जगह केवल विधानसभा है, न कि ‘लोक भवन’। उनके मुताबिक, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले भी बिल्कुल स्पष्ट हैं कि सरकार गठन की प्रक्रिया विधानसभा में ही पूरी होती है। उन्होंने आगे कहा कि जनता ने अपना जनादेश दे दिया है और सबसे बड़ी पार्टी के नेता टीवीके के विजय को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिलना चाहिए।
राज्यपाल की भूमिका पर सवाल, भाजपा पर आरोप
ज्योतिमणि ने कहा कि राज्यपाल का जनता के फैसले में बाधा डालना उचित नहीं है। उन्हें विश्वास है कि राज्यपाल राजनीतिक और संवैधानिक सिद्धांतों से अवगत हैं। उन्होंने भाजपा पर तत्काल 'लोक भवन के माध्यम से राजनीति' बंद करने का आग्रह किया और राज्यपाल से टीवीके नेता विजय को तुरंत सरकार गठन के लिए आमंत्रित करने की मांग की।
यह बयान ऐसे समय आया है जब तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के परिणाम आ चुके हैं और टीवीके सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। कांग्रेस, जो टीवीके की सहयोगी है, राज्यपाल पर सरकार गठन की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी करने और भाजपा के इशारों पर काम करने का आरोप लगा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.