{"_id":"64533aae5c40feb4d703fe25","slug":"congress-slams-government-after-protesting-wrestlers-allege-manhandling-by-cops-2023-05-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Wrestlers Protest: जंतर-मंतर पर झड़प के बाद कांग्रेस ने दिया बेटियों का साथ, कहा- डरने की जरूरत नहीं","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Wrestlers Protest: जंतर-मंतर पर झड़प के बाद कांग्रेस ने दिया बेटियों का साथ, कहा- डरने की जरूरत नहीं
Thu, 04 May 2023 10:25 AM IST
काव्या मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Thu, 04 May 2023 10:25 AM IST
सार
कांग्रेस सांसद ने गुरुवार सुबह ट्वीट कर अपने गिरफ्तार होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब मैं अपनी बेटियों का हाल जानने जंतर-मंतर पहुंचा तो दिल्ली पुलिस ने मुझे धरनास्थल के बाहर हिरासत में ले लिया और वसंत विहार थाने ले आई है।
विज्ञापन
जंतर-मंतर पर झड़प के बाद कांग्रेस ने दिया बेटियों का साथ।
- फोटो : social media
विस्तार
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर धरने पर बैठे पहलवानों के साथ बुधवार देर रात दिल्ली पुलिस की झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस के एक मुलाजिम ने महिला पहलवानों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा। पहलवानों ने पुलिस पर हमला करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। वहीं, कांग्रेस ने भी दिल्ली पुलिस पर हमला किया है।
विज्ञापन
दरअसल, जब घटना की जानकारी कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा को हुई तो वे देर रात पहलवानों से मिलने जंतर-मंतर पहुंचे। वहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हिरासत के बाद उन्हें वसंत विहार पुलिस चौकी पर रखा।
विज्ञापन
आज ट्वीट कर दी जानकारी
कांग्रेस सांसद ने गुरुवार सुबह ट्वीट कर अपने गिरफ्तार होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब मैं अपनी बेटियों का हाल जानने जंतर-मंतर पहुंचा तो दिल्ली पुलिस ने मुझे धरनास्थल के बाहर हिरासत में ले लिया और वसंत विहार थाने ले आई है। उनकी एक वीडियो भी वायरल हो रही है, जिसमें वह लगातार कहते दिख रहे हैं कि मैं अकेले ही अंदर जाऊंगा, मुझे जाने दिजिए।
विज्ञापन
हुड्डा को दिया धारा 144 का हवाला
दरअसल, पुलिस के धारा 144 लागू होने की बात कहने पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि वह खिलाड़ियों से अकेले मिलेंगे और अपने पीएसओ को भी साथ नहीं ले जाएंगे। हुड्डा कहते दिखाई दे रहे हैं कि मैं केवल 5 मिनट के लिए अंदर जाऊंगा। इस दौरान न तो मेरा पीएसओ साथ होगा न ही कोई सुरक्षा कर्मी होगा।. मैं अंदर जाऊंगा, बेटियों से मिलूंगा, उनका हाल-चाल पूछूंगा और उनसे कहूंगा कि इस प्रदर्शन को शांतिपूर्ण ही रहने दें। बाद में, पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर वसंत विहार थाने ले गई।
अभी जब मैं जंतर-मंतर पर खिलाड़ी बेटियों का हाल-चाल लेने पहुँचा तो धरने के बाहर दिल्ली पुलिस ने मुझे हिरासत में ले लिया और अब वसंत विहार पुलिस चौकी में ले आए। pic.twitter.com/8EWIqf92i1
— Deepender S Hooda (@DeependerSHooda) May 3, 2023
ये हमारे देश की बेटियां
कांग्रेस ने ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक के रोने और उनकी सहयोगी विनेश फोगाट को सांत्वना देने वाले वीडियो को टैग करते हुए ट्वीट किया। कांग्रेस ने लिखा कि 'ये हैं हमारे देश की बेटियां, देश के सम्मान की रक्षा की और हमें कई पदक दिलाए। उन्होंने गृह मंत्री पर भी आरोप लगाया। कहा कि आज पुलिस और गृह मंत्री अमित शाह पहलवानों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं।
मोदी पर सवाल
एक अन्य ट्वीट में लिखा कि पहलवानों का एकमात्र अपराध यह है कि वे शोषण के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। पार्टी ने मोदी पर सवाल भी दागा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जी आप यह अन्याय क्यों कर रहे हैं?
कांग्रेस पहलवानों के साथ
कांग्रेस ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि देश की बेटियों पर दिल्ली पुलिस के अत्याचार की जानकारी मिलते ही कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा मौके पर पहुंच गए थे। इससे साफ है कि कांग्रेस देश की बेटियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि डरो मत, हम आपके साथ हैं।
खिलाड़ियों ने लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
पहलवानों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की और महिला पहलवानों से अभद्रता की है। अपने साथ हुई अभद्रता के बारे में बताते हुए महिला पहलवान विनेश फोगाट रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि अगर तुम हमें मारना चाहते हो, तो हमें मार डालो। क्या हमने यह दिन देखने के लिए देश के लिए पदक जीते? हमने अपना खाना भी नहीं खाया है। क्या हर पुरुष को महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का अधिकार है? ये पुलिस वाले बंदूकें पकड़े हुए हैं, वे हमें मार सकते हैं।