{"_id":"5bb2379a867a557ed62a5d08","slug":"congress-said-due-to-the-strike-of-the-cleaning-workers-a-lot-of-litter-became-east-delhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से कूड़े का ढेर बनी पूर्वी दिल्ली, पीएम दें दखल: कांग्रेस ","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से कूड़े का ढेर बनी पूर्वी दिल्ली, पीएम दें दखल: कांग्रेस
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Mon, 01 Oct 2018 08:34 PM IST
विज्ञापन
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अपनी कुछ मांगों को लेकर लगभग दस दिनों से हड़ताल कर रखी है। इस कारण पूर्वी दिल्ली का इलाका कूड़े के ढेर की तरह नजर आ रहा है। पूरे देश में स्वच्छता अभियान चलाने वाले प्रधानमंत्री को इस मामले में दखल देकर समस्या का हल निकालना चाहिए। यह कहना है दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी का।
विज्ञापन
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम पूरे देश में स्वच्छता अभियान चला रहे हैं, लेकिन उन्हीं की भाजपा के शासन में चलने वाली एमसीडी ने सफाई कर्मचारियों का वेतन रोक रखा है जिसके कारण कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं और पूरा इलाका गंदगी से भर गया है। अगर समय से कूड़ा नहीं हटाया गया तो दिल्ली में एक बार फिर महामारी फैल सकती है जिसकी कीमत लोगों को चुकानी पड़ सकती है। पीएम को इस मामले में दखल देकर मामले का हल निकालना चाहिए।
विज्ञापन
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि यह बेहद हास्यास्पद है कि जितना बजट निर्धारित किया गया है, एक तरफ उसका प्रयोग तक नहीं हो पा रहा है, वहीं सफाई कर्मियों को वेतन तक नहीं मिल पा रहा है। दिल्ली कांग्रेस मीडिया सेल के प्रमुख माजिद अहमद ने कहा कि प्रधानमंत्री जितनी राशि से अपना प्रचार करते हैं, उसका दसवां हिस्सा भी दिल्ली को दे दें तो यहां की सारी समस्याएं सुलझ सकती हैं।
विज्ञापन
वहीं दिल्ली की गंदगी को बढ़ाने में अरविंद केजरीवाल सरकार का भी बराबर का हाथ है जो सफाई कर्मचारियों को पक्का करने के नाम पर उनका वोट तो ले लेती है लेकिन उनके वेतन देने में अनाकानी करती है। माजिद के मुताबिक दिल्ली सरकार और पूर्वी दिल्ली नगर निगम दोनों को साथ मिलकर सफाई कर्मचारियों की परेशानी का हल निकालना चाहिए।