Congress: राजनाथ सिंह के 'अपशब्द' वाले बयान पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- भाजपा नेता कर रहे गुमराह
कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा राजनाथ सिंह समेत भाजपा नेता पूरे मामले पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को जो कहा उसको लेकर भाजपा कांग्रेस पार्टी पर हमलावर है। राजनाथ सिंह समेत भाजपा के कई बड़े नेताओं ने कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल उठाए। इस बीच कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भाजपा लोगों की गुमराह करने का काम कर रही है।
पहले अखबारों की रिपोर्ट को पढ़ें फिर टिप्पणी करें
उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह समेत भाजपा नेता पूरे मामले पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने जो भी कहा उसे अखबारों ने पूरी तरह से रिपोर्ट किया है और जो भी इस मामले को तूल दे रहे हैं उन नेताओं को रिपोर्ट को पढ़ना चाहिए और फिर टिप्पणी करनी चाहिए।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच लड़ाई बहुत बेकार स्थिति में आ गई है
आगे महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केरल में सरकार और राज्यपाल के बीच चल रही खींचतान को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केरल में, राज्य सरकार और राज्यपाल दोनों राज्य में उच्च शिक्षा प्रणाली को नष्ट कर रहे हैं। राज्यपाल जनता के बीच आ रहे हैं। राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच लड़ाई बहुत बेकार स्थिति में आ गई है और इसके लिए दोनों जिम्मेदार हैं।
राजनाथ सिंह ने यह कहा था
राजनाथ सिंह ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द सिर्फ उनके नहीं हैं। यह पूरी कांग्रेस की मानिसकता का परिणाम है। किसी को रावण कहना नीच काम है। राजनाथ सिंह ने आगे कहा था कि भारतीय जनता पार्टी सभी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। ध्रुवीकरण की राजनीति में भाजपा विश्वास नहीं रखती है।
बीसवीं सदी में बापू, इक्कीसवीं में मोदी गुजरात के गौरव: राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि महात्मा गांधी और वल्लभभाई पटेल 20वीं सदी में गुजरात के सम्मान व गौरव के प्रतीक थे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21वीं सदी में राज्य के ‘सम्मान और गौरव’ के रूप में उभरे हैं।
रक्षा मंत्री सिंह ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे की पीएम मोदी के खिलाफ ‘रावण’ वाली टिप्पणी पूरे कांग्रेस नेतृत्व की मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि गुजरात के लोग उन व्यक्तियों को करारा जवाब देंगे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जो गुजरात का सम्मान और गौरव हैं। उन्होंने कहा कि किसी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल स्वस्थ लोकतंत्र को नहीं दर्शाता है। सोमवार को एक चुनावी रैली में खरगे ने कहा था कि प्रधानमंत्री सभी चुनावों में लोगों से अपना चेहरा देखकर वोट करने के लिए कहते हैं। खरगे ने पूछा था, क्या आप रावण की तरह 100 सिर वाले हैं। सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है, वह सिर्फ खरगे की नहीं बल्कि पूरे कांग्रेस नेतृत्व की मानसिकता का प्रतिबिंब है। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री का पद एक संस्था होता है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए भाजपा नेताओं की ओर से ‘मौनी बाबा’ शब्द का इस्तेमाल किए जाने के बारे में पूछने पर सिंह ने कहा कि यह अपशब्द नहीं है। क्या कहा था खरगे ने?
गुजरात में एक जनसभा को संबोधित करते वक्त खरगे ने पीएम मोदी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री अपना चेहरा दिखाकर लोगों से मतदान करने के लिए कह रहे हैं, चाहे वह नगरपालिका चुनाव हों या विधानसभा या संसद। क्या आप (नरेंद्र मोदी) रावण की तरह 100 सिर वाले हैं।
पीएम ने मेरी तुलना शूर्पणखा से की थी- रेणुका चौधरी
विवाद के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद रेणुका चौधरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार उनकी तुलना शूर्पणखा से की थी, तब मीडिया कहां थी? रेणुका चौधरी के इस ट्वीट के बाद 2018 में पीएम के बयान की कई वीडियो क्लिप वायरल होने लगी हैं।