कांग्रेस पार्टी ने नागरिकता संशोधन विधेयक को बताया मोदी सरकार का अहंकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागरिकता (संशोधन) विधेयक संसद के दोनों सदनों में पास हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने इस नागरिकता (संशोधन) विधेयक को मोदी सरकार का अहंकार बताया है। लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने गुरुवार को एक प्रेसवार्ता में कहा कि उत्तर पूर्व के राज्यों में हालात खराब हो चुके हैं। असम सहित उत्तरपूर्व के दूसरे राज्यों में जनता का ऐसा आक्रोश और गुस्सा पिछले 25-30 साल में नहीं देखा गया।
नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में लोग खुद ब खुद सड़क पर निकल आए हैं। इनका गुस्सा है कि मोदी सरकार इतनी अहंकारी हो चली है कि उसने लोगों का आक्रोश होने के बावजूद राज्यसभा में एक ही दिन में इस बिल को पारित करा दिया। सरकार अब कानून बनाने जा रही ह। गोगोई ने कहा, ऐसी क्या जल्दी है।
कांग्रेस पार्टी के सांसद बोले, जब यह बिल लोकसभा में पास हुआ, तो उत्तर-पूर्वांचल में हालात बिगड़ने शुरू हो गए थे। त्रिपुरा में हिंसा हुई, असम में हिंसा का तांडव देख रहे हैं, इसके बाद भी सरकार ने बिल को पास कराने के लिए जल्दबाजी दिखाई। सरकार ने उत्तर-पूर्वांचल के लोगों को विश्वास में क्यों नहीं लिया। मोदी सरकार ने लोगों का गुस्सा समझने की कोशिश नहीं की।
गुवाहाटी में आप किसी भी सड़क पर जाएं, आपको आग दिखती है, जलती हुई कोई गाड़ी या जलता हुआ कोई टायर नजर आता है। कर्फ्यू लगाने के बावजूद भी 10 हजार से ज्यादा लोग सड़क पर आ गए हैं। सरकार को संवेदनशील होना चाहिए था, लेकिन वह तो अपना अहंकार जताने में लगी है।
उत्तर-पूर्व के लोग इस सरकार के गुलाम नहीं
गोगोई ने कहा, उत्तर-पूर्वांचल के लोग इस सरकार के गुलाम नहीं हैं। सरकार लोगों से बनती है, लोगों के लिए बनती है, लेकिन इस भाजपा सरकार ने उत्तर-पूर्वांचल को नजरअंदाज कर उनका अपमान किया है। सरकार की इस अंहकारी नीति के कारण आज लोग गुस्से में हैं। सरकार इस मामले में सच्चाई को छुपा रही है। क्या लोकसभा में किसी मंत्री ने आज तक जवाब दिया कि वर्तमान में उत्तर-पूर्व की कानून व्यवस्था खराब हुई है, इसको कैसे काबू करेंगे। पुलिस कमिश्नर बदला गया है, आर्मी को लगाया गया है, लेकिन क्या इस सदन में लोगों को कुछ बताया गया है।
क्या सदन में किसी ने ये बताया है कि केंद्र सरकार क्या कर रही है, क्यों कर रही है। हमने गुरुवार को स्थगन प्रस्ताव के तहत यह मुद्दा उठाया था कि सरकार जवाब दे, लेकिन सरकार जवाब देने से भाग रही है, सच्चाई से भाग रही है। हमारी पार्टी का कहना है कि देश में लोकतंत्र है, कोई भी सरकार या पार्टी लंबे समय तक नहीं भाग सकती।