MP News: सीएम मोहन यादव और भाजपा अध्यक्ष खंडेलवाल पहुंचे दिल्ली, शाह-नड्डा के अलावा राजनाथ से भी मिले
राजधानी दिल्ली दौरे को लेकर सीएम मोहन यादव ने कहा, मध्यप्रदेश में समग्र विकास की भावना के साथ सभी क्षेत्रों में संतुलित रूप से कार्य किए जा रहे है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में विकास के गति और तेज हो रहा है। विभिन्न विभागों के साथ हमारी सरकार का तालमेल अच्छा रहे, विकास कार्यों की समीक्षा हो। इस दृष्टिकोण से दिल्ली दौरे पर आया हूं।
विस्तार
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और मध्य प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मंगलवार को राजधानी दिल्ली पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं ने कई केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले उपभोक्ता मामले,खाद्य-सार्वजनिक वितरण मामलों और केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की। सीएम यादव ने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप मध्यप्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। मुझे संतोष है कि मध्यप्रदेश न केवल सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध करवा रहा है,बल्कि किसानों को भी सौर ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
यादव ने कहा,राज्य के 32 लाख किसानों के लिए सोलर पैनल लगाकर देंगे, जिससे भविष्य में किसान स्वयं की बिजली उत्पन्न कर सकें। इससे लगभग 18 हजार करोड़ की सब्सिडी के भार से राज्य सरकार मुक्त हो सकेगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री कुसुमश्री योजना में ए-बी-सी- तीनों श्रेणियों में मध्यप्रदेश सरकार काम कर रही है। मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात के दौरान पीएम सूर्य घर और पीएम कुसुम योजना के क्रियान्वयन को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई। मध्यप्रदेश में अक्षय ऊर्जा विकास में तेजी लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे है।
राजधानी दिल्ली दौरे को लेकर सीएम मोहन यादव ने कहा, मध्यप्रदेश में समग्र विकास की भावना के साथ सभी क्षेत्रों में संतुलित रूप से कार्य किए जा रहे है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में विकास के गति और तेज हो रहा है। विभिन्न विभागों के साथ हमारी सरकार का तालमेल अच्छा रहे, विकास कार्यों की समीक्षा हो। इस दृष्टिकोण से दिल्ली दौरे पर आया हूं।
इसके बाद मुख्यमंत्री यादव केंद्रीय सूचना प्रसारण राज्यमंत्री डॉ.एल मुरुगन से मिलने पहुंचे। सीएम ने बताया, उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ 2028 को देखते हुए मैंने मंत्री मुरुगन से उज्जैन में आकाशवाणी केंद्र शुरू करने का निवेदन किया था। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. मुरूगन ने इसकी सहमति और आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ करवाने के लिए आश्वस्त किया है। सीएम ने मीडिया से चर्चा में कहा है, उज्जैन में भी आकाशवाणी का केंद्र खोला जाएगा। जब तक उज्जैन में स्टूडियो बनकर तैयार नहीं होता, जब तक इंदौर आकाशवाणी केंद्र से उज्जैन के प्रोग्राम बनाने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
सीएम यादव और प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल मंगलवार शाम को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलने उनके आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया , भारत सरकार के उपक्रम बंगलौर के बीईएमएल लि. के अत्याधुनिक रेल कोच विनिर्माण संयंत्र का शिलान्यास प्रदेश के रायसेन जिले में शीघ्र किया जाएगा। इसके लिए लगभग 1800 करोड़ रूपए का निवेश किया जा रहा है। इसमें मध्यप्रदेश सरकार, रेल मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय की भागीदारी रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से इस संयंत्र के शिलान्यास का अनुरोध किया है। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह को जानकारी दी गई कि मध्यप्रदेश शासन ने रायसेन जिले में इस संयंत्र की स्थापना के लिए लगभग 60 हेक्टेयर भूमि का आवंटन कर दिया है। यह संयंत्र लगभग डेढ़ हजार लोगों को रोजगार दिलवाने में भी सहायक होगा। यह संयंत्र देश के रेल कोच संयंत्रों के मानचित्र में विशेष स्थान बनाएगा।
शाम को मुख्यमंत्री यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने उनके निवास पहुंचे। यहां तीनों नेताओं की मुलाकात करीब दस मिनिट हुई। इसके बाद सीएम केंद्रीय कोयला मंत्री जी.किशन रेड्डी और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भी मुलाकात की। मध्य प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के लिए यह दौरान बेहद खास है। क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है। इस यात्रा के दौरान सीएम मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल ने केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय नेतृत्व से संगठन और सरकार के बीच समन्वय को और बेहतर बनाने पर विचार विमर्श किया।