Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   China's 19-Seater Electric Plane Completes First Pilot Flight Know How Does It Work?

बदलता भविष्य: पहली बार पायलट के साथ उड़ा चीन का इलेक्ट्रिक विमान, आखिर क्या है बैटरी वाले हवाई जहाज की तकनीक?

Tue, 17 Nov 2026 05:39 AM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: संकल्प प्रकाश सिंह Updated Tue, 17 Nov 2026 05:39 AM IST
विज्ञापन
सार
चीन ने 19 यात्रियों की क्षमता वाले इलेक्ट्रिक विमान की पहली पायलट टेस्ट फ्लाइट पूरी कर ली है। आखिर बैटरी से चलने वाला यह विमान कैसे उड़ता है?
loader
China's 19-Seater Electric Plane Completes First Pilot Flight Know How Does It Work?
Electric Airplane - फोटो : Amar Ujala AI Generated

विस्तार

चीन ने इलेक्ट्रिक विमान के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। चीन में पहली बार 19 यात्रियों की क्षमता वाले इलेक्ट्रिक पैसेंजर एयरक्राफ्ट ने पायलट के साथ सफल उड़ान भरी। इस विमान का नाम CE-25A है। इसका वजन करीब 10 टन बताया गया है और यह 300 किलोमीटर प्रति घंटे की क्रूजिंग रफ्तार से उड़ान भर सकता है। 14 नवंबर को चीन के शानडोंग प्रांत में इस विमान की पहली पायलट वाली टेस्ट फ्लाइट पूरी की गई। इस दौरान विमान में तीन क्रू मेंबर मौजूद थे। सरकारी कंपनी कमर्शियल एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन ऑफ चाइना ने इसे विकसित करने का काम किया है। कंपनी के मुताबिक इस विमान को एक बार में अधिकतम 400 किलोमीटर तक की दूरी तय करने के हिसाब से तैयार किया गया है।



इस परीक्षण के दौरान विमान के सभी सिस्टम सामान्य तरीके से काम करते रहे और उसके प्रदर्शन से जुड़े सभी प्रमुख मानक उम्मीदों के मुताबिक रहे। यह उपलब्धि इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अब तक बड़े यात्री विमानों में ईंधन का इस्तेमाल होता रहा है। वहीं इलेक्ट्रिक विमान बैटरी से मिलने वाली बिजली के सहारे उड़ान भरते हैं। हालांकि, इस विमान की सफल टेस्ट फ्लाइट का मतलब यह नहीं है कि यह तुरंत आम यात्रियों के लिए उपलब्ध हो जाएगा। व्यावसायिक उड़ानें शुरू करने से पहले इसे कई और परीक्षणों और जरूरी मंजूरियों से गुजरना होगा।


इस विमान की पहली पायलट वाली टेस्ट फ्लाइट करीब 57 मिनट 46 सेकंड तक चली। हालांकि, इस दौरान विमान 16 मिनट 38 सेकंड तक ही हवा में उड़ान भरता रहा और उसने लगभग 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की। इस दौरान विमान में दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर मौजूद थे। इससे पहले 2 फरवरी 2026 को इस विमान ने बिना पायलट के अपनी पहली ऑटोनॉमस उड़ान पूरी की थी। इसके बाद 19 बार बिना पायलट के इसकी उड़ान से जुड़े परीक्षण भी किए गए।

इस प्रोजेक्ट को COMAC के साथ चीन की प्रमुख बैटरी निर्माता कंपनी CATL, शंघाई जियाओतोंग यूनिवर्सिटी और कई अन्य संस्थान मिलकर विकसित कर रहे हैं। विमान ने नियामकीय प्रक्रिया में भी एक अहम कदम आगे बढ़ाया है। चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन ने इसके टाइप सर्टिफिकेट के आवेदन को औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है। व्यावसायिक यात्री उड़ानें शुरू करने से पहले यह मंजूरी जरूरी होती है।

आखिर इलेक्ट्रिक विमान कैसे काम करते हैं? क्या होता है इसका पूरा सिस्टम?

इलेक्ट्रिक विमान देखने में सामान्य हवाई जहाज जैसे ही होते हैं। वहीं इनके उड़ान भरने की प्रक्रिया पारंपरिक विमानों की तुलना में थोड़ा अलग होती है। पारंपरिक विमानों में इंजन चलाने के लिए एविएशन फ्यूल यानी विमान ईंधन का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं इलेक्ट्रिक एयरप्लेन में बैटरी से मिलने वाली बिजली के जरिए मोटर चलाई जाती है। यही मोटर विमान के पंखों पर लगे प्रोपेलर को घुमाती है, जिससे विमान को आगे बढ़ने के लिए जरूरी ताकत मिलती है।

Electric Airplane
Electric Airplane - फोटो : Amar Ujala AI Generated

इलेक्ट्रिक विमान में सबसे अहम हिस्सा उसकी बैटरी का होता है। इसमें बड़ी क्षमता वाली रिचार्जेबल बैटरियां लगाई जाती हैं, जो बिजली को स्टोर करके रखती हैं। इन बैटरियों को आमतौर पर विमान के अंदर या उसके डिजाइन के अनुसार अलग-अलग हिस्सों में लगाया जाता है। जब विमान को उड़ान भरनी होती है, तो यही बैटरी इलेक्ट्रिक मोटर को बिजली देती है। बैटरी की क्षमता जितनी ज्यादा होगी, विमान को उतनी अधिक ऊर्जा मिल सकती है। हालांकि, बैटरी का वजन भी एक बड़ी चुनौती है।

बैटरी से मिलने वाली बिजली इलेक्ट्रिक मोटर तक पहुंचती है। मोटर इस बिजली को मैकेनिकल एनर्जी यानी घूमने वाली ताकत में बदल देती है। इससे प्रोपेलर तेजी से घूमने लगता है और हवा को पीछे की ओर धकेलता है। इसके जवाब में विमान को आगे की दिशा में धक्का मिलता है और वह उड़ान भर पाता है। 

बैटरी से मोटर तक पहुंचने वाली बिजली को नियंत्रित करने के लिए खास इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लगाए जाते हैं। इनमें इन्वर्टर और मोटर कंट्रोलर जैसे उपकरण शामिल होते हैं। ये तय करते हैं कि मोटर को कितनी बिजली देनी है और उसकी गति कितनी रखनी है। इसके अलावा बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम बैटरी के तापमान, चार्ज और वोल्टेज पर नजर रखता है ताकि बैटरी सुरक्षित तरीके से काम करे।

इलेक्ट्रिक विमान की बैटरी को जमीन पर खास चार्जिंग सिस्टम की मदद से चार्ज किया जाता है। इसके लिए विमान को चार्जिंग स्टेशन से जोड़ा जाता है। उड़ान के दौरान बैटरी में मौजूद बिजली धीरे-धीरे खर्च होती रहती है। इसलिए अगली उड़ान से पहले उसे दोबारा चार्ज करना जरूरी होता है।

इलेक्ट्रिक विमानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बैटरी की क्षमता और उसका वजन है। विमान को उड़ाने के लिए बहुत ज्यादा ऊर्जा चाहिए। हालांकि, मौजूदा बैटरियां पारंपरिक विमान ईंधन के मुकाबले प्रति किलोग्राम काफी कम ऊर्जा स्टोर करती हैं। ऐसे में ज्यादा दूरी तक उड़ान भरने के लिए बड़ी बैटरी लगानी जरूरी है। हालांकि, बड़ी बैटरी लगाने से विमान का वजन बढ़ सकता है और यात्रियों व सामान के लिए जगह कम हो सकती है। यही वजह है कि फिलहाल इलेक्ट्रिक विमान छोटी दूरी की उड़ानों के लिए ज्यादा उपयोगी माने जा रहे हैं। बैटरी टेक्नोलॉजी में सुधार होने के साथ भविष्य में इनकी उड़ान क्षमता और उपयोग भी बढ़ सकता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed