{"_id":"61d37372f44a1f32677a30ab","slug":"bulli-bai-app-union-minister-mukhtar-abbas-naqvi-said-will-not-allow-communal-conspiracy-to-succeed-against-the-culture-of-the-country","type":"story","status":"publish","title_hn":"‘बुल्ली बाई’ एप: केंद्रीय मंत्री नकवी बोले- देश की संस्कृति के खिलाफ कामयाब नहीं होने देंगे सांप्रदायिक साजिश","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
‘बुल्ली बाई’ एप: केंद्रीय मंत्री नकवी बोले- देश की संस्कृति के खिलाफ कामयाब नहीं होने देंगे सांप्रदायिक साजिश
Tue, 04 Jan 2022 03:36 AM IST
देव कश्यप
एजेंसी, नई दिल्ली
एजेंसी, नई दिल्ली
Published by: देव कश्यप
Updated Tue, 04 Jan 2022 03:36 AM IST
सार
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने कहा कि सरकार मामले में कार्रवाई कर रही है और महिलाओं को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और उनकी ‘सांप्रदायिक साजिश’ का जल्द भंडाफोड़ किया जाएगा।
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी
- फोटो : एएनआई
विस्तार
‘बुल्ली बाई’ एप के जरिये मुस्लिम महिलाओं को निशाना बनाने को लेकर मचे बवाल के बीच केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि देश की मिली-जुली संस्कृति के खिलाफ कोई भी साइबर आपराधिक सांप्रदायिक साजिश कामयाब नहीं होगी।
विज्ञापन
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने कहा कि सरकार मामले में कार्रवाई कर रही है और महिलाओं को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और उनकी ‘सांप्रदायिक साजिश’ का जल्द भंडाफोड़ किया जाएगा। नकवी ने कहा कि खराब नीयत रखने वाले कुछ लोग भारत को बदनाम करने की साजिश में शामिल हैं लेकिन देश ऐसे तत्वों को कभी उनके बुरे कृत्यों में कामयाब नहीं होने देगा।
विज्ञापन
गौरतलब है कि कम से कम 100 प्रभावशाली मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें ‘बुल्ली बाई’ एप पर नीलामी के लिए अपलोड की गई थीं। इसके बाद सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा था कि मेजबान मंच ‘गिटहब’ ने उपयोगकर्ता (यूजर) को ब्लॉक करने की पुष्टि की है तथा कम्प्यूटर आपदा प्रतिक्रिया दल (सीईआरटी) और पुलिस अधिकारी आगे की कार्रवाई के लिए समन्वय कर रहे हैं।
विज्ञापन
मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया
मुंबई पुलिस साइबर सेल ने बुल्ली बाई एप मामले में बेंगलुरु के एक 21 वर्षीय संदिग्ध को हिरासत में लिया है। मुंबई पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। इससे पहले महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री सतेज पाटिल ने पुलिस को बुल्ली बाई एप के डेवलपर्स के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। मुंबई पुलिस ने अभी तक बेंगलुरु से हिरासत में लिए गए संदिग्ध की पहचान का खुलासा नहीं किया है। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इससे पहले दिल्ली महिला आयोग ने सोमवार को मामले में दिल्ली पुलिस के साइबर क्राइम सेल को समन जारी किया। आयोग ने एक समुदाय की लड़कियों की तस्वीरों को उनकी सहमति के बिना इंटरनेट प्लेटफॉर्म गिटहब पर अपलोड किए जाने और उनकी नीलामी से जुड़ी मीडिया रिर्पोटों का संज्ञान लेते हुए साइबर सेल को तलब किया। दरअसल लड़कियों की अश्लील तस्वीरों को एक अज्ञात समूह इंटरनेट प्लेटफॉर्म गिटहब का उपयोग करके एक एप पर अपलोड कर रहा है और उन्हें एप पर 'बुल्ली डील ऑफ द डे' के नाम से साझा किया जा रहा है।
आयोग ने पिछले साल 2021 में सामने आए ऐसे ही मामले में लड़कियों की तस्वीरें सुल्ली डील्स नाम से गिटहब एप पर नीलामी के लिए अपलोड करने पर भी प्रकाश डाला है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने पिछले साल जुलाई माह में प्राथमिकी दर्ज की थी, परंतु आज तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आयोग ने इस मामले में दोषियों की गिरफ्तारी न होने पर चिंता और आश्चर्य व्यक्त किया है।