{"_id":"60fa45258ebc3e58807134a9","slug":"building-collapsed-in-govandi-area-of-mumbai-seven-people-died","type":"story","status":"publish","title_hn":"तबाही: मुंबई और आसपास के जिलों में आफत की बारिश, गोवंडी में इमारत गिरने से चार लोगों की मौत","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
तबाही: मुंबई और आसपास के जिलों में आफत की बारिश, गोवंडी में इमारत गिरने से चार लोगों की मौत
Fri, 23 Jul 2021 10:00 AM IST
प्रशांत कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: प्रशांत कुमार
Updated Fri, 23 Jul 2021 10:00 AM IST
सार
मुंबई में भारी बारिश आफत बनकर टूट रही है। गोवंडी में सुबह-सुबह एक बिल्डिंग गिरने से चार लोगों की मौत हो गई।
विज्ञापन
मुंबई में भारी बारिश
- फोटो : ANI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुंबई के शिवाजी नगर स्थित गोवंडी में सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। इमारत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना परराहत और बचाव टीम मौके पर पहुंच चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में एक मंजिला मकान धराशायी हो गया, इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। घटना बॉम्बे सिटी अस्पताल के पास स्थित प्लॉट नंबर 3 की है।
विज्ञापन
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियों को मौके पर राहत और बचाव कार्य के लिए भेजा गया। साथ ही बीएमसी और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और सात लोग घायल हो गए। घायलों को घाटकोपर के राजावड़ी अस्पताल और सिओन के लोकमान्य तिलक म्युनिसिपल जनरल अस्पताल भेजा गया।
राजावड़ी अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि हादसे में घायल हुए नेहा परवेज शेख (35), मोकार जबीर शेख (80) की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि श्मशाद शेख (45) नामक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं दूसरी ओर बीएमसी के अधिकारी ने बताया कि 22 साल के फरीन शेख नाम के लड़के को मलबे से बाहर निकालकर राजावड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मलबे से 15 लोगों को बाहर निकाला गया है।
मुंबई में भारी बारिश बनी मुसीबत
बता दें कि, मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले पांच दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते जनजीवन ठप हो गया है। बारिश की वजह से कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से पानी निकालने का काम जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 24 और 25 जुलाई के लिए यहां यलो अलर्ट जारी करते हुए कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। भारी बारिश के चलते पुणे और रायगढ़ में लैंडस्लाइड की खबरें भी सामने आई हैं।
लगातार बारिश से बाढ़ के बने हालात
लगातार हो रही बारिश के चलते महाराष्ट्र के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। रायगढ़, रत्नागिरी और कोल्हापुर जिलों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। सतारा, सांगली और कोल्हापुर जिलों में एनडीआरएफ की इकाइयों को तैनात किया गया है। बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए गुरुवार रात से सेना और नौसेना को उतारा गया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने फोन पर बात कर बाढ़ के हालात का जायजा लिया।
बारिश के चलते ट्रेनें रद्द
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार से ही महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश के चलते हालात खतरनाक बने हुए हैं। कोंकण रेलवे और सेंट्रल रेलवे ने अपनी कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है तो कुछ ट्रेनों का रूट भी डाइवर्ट किया गया है।