Updates: ओडिशा में एक करोड़ की ब्राउन शुगर जब्त; कर्नाटक में पूर्व विधायक का निधन और तेलंगाना में चार की मौत
कर्नाटक के उडुपी में पूर्व विधायक यूआर सभापति का रविवार को उनके निवास पर निधन हो गया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उडुपी के पूर्व विधायक सभापति (71) पिछले कुछ समय से बीमार थे। आइए पढ़ते हैं दिन की कुछ अहम खबरें...
विस्तार
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक करोड़ रुपये से अधिक की ब्राउन शुगर (मादक पदार्थ) जब्त की गई। पुलिस एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर ओडिशा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने शनिवार शाम भुवनेश्वर में यूनिट-8 पर छापा मारा, जिसमें 1.10 किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई और ढेंकानाल के एक निवासी को गिरफ्तार किया गया।
यूआर सभापति नहीं रहे
इस बीच कर्नाटक के उडुपी में पूर्व विधायक यूआर सभापति का रविवार को उनके निवास पर निधन हो गया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उडुपी के पूर्व विधायक सभापति (71) पिछले कुछ समय से बीमार थे और उनपर इलाज का कोई असर नहीं हो रहा था। पूर्व विधायक सभापति के परिवार में पत्नी, बेटी और दो बेटियां हैं।
ऐसा था राजनीतिक सफर
सभापति 1994 में कर्नाटक कांग्रेस पार्टी (केसीपी) के टिकट पर उडुपी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। बाद में केसीपी का कांग्रेस में विलय हो गया और वह 1999 फिर कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर उडुपी से निर्वाचित हुए। वह 2004 के चुनाव में भाजपा के रघुपति भट से हार गये। साल 2012 के लोकसभा चुनाव में सभापति जद(एस) में शामिल हो गए। सभापति दक्षिण कन्नड़ जिला पंचायत का सदस्य भी रहे थे। वह दक्षिण कन्नड़ (उत्तर) में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे।
तेलंगाना में सड़क हादसा
इसके अलावा तेलंगाना के मेदक जिले में रविवार को एक कार और ऑटोरिक्शा की टक्कर में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग ऑटोरिक्शा पर सवार थे। पुलिस ने बताया कि घटना मेदक जिले के नरसिंगी के वल्लूर गांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि शवों को सरकारी अस्पताल में भेजा गया है।
लगभग दो करोड़ का सोना जब्त
मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कस्टम विभाग ने कार्रवाई की है। कार्रवाई करते हुए कस्टम विभाग ने तीन महिलाओं समेत छह विदेशियों के पास से 1.98 करोड़ का 3.7 किलो सोने का पेस्ट जब्त किया है। माले से आए यात्रियों ने अपने शरीर में सोना छिपा रखा था। कस्टम विभाग ने बताया कि छह यात्री श्रीलंका के रहने वाले थे। वे 18 मई को छत्रपति शिवाजी महाराज एयरपोर्ट पर उतरे थे। जांच के बाद लोगों को छोड़ दिया गया था। जबकि, सोना विभाग ने ही जब्त कर लिया।