{"_id":"66ff656f413b2610b3000c17","slug":"bookmyshow-files-case-at-mumbai-for-black-marketing-of-tickets-for-the-coldplay-concert-to-be-held-in-2025-2024-10-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Coldplay Concert: कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के टिकटों की कालाबाजारी के आरोप में मामला दर्ज; अब बुकमायशो ने की शिकायत","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Coldplay Concert: कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के टिकटों की कालाबाजारी के आरोप में मामला दर्ज; अब बुकमायशो ने की शिकायत
Fri, 04 Oct 2024 09:17 AM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Fri, 04 Oct 2024 09:17 AM IST
सार
बुकमायशो ने अपनी शिकायत में कहा कि 22 सितंबर को जब टिकटों की बिक्री शुरू हुई थी, तब उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि किसी तीसरे पक्ष से टिकट नहीं खरीदे जाने चाहिए। इस दौरान उन्हें दो व्यक्तियों से ईमेल मिले, जिसमें ज्यादा से ज्यादा टिकट बुक करने की मांग की गई थी।
विज्ञापन
ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले
- फोटो : AMAR UJALA
विस्तार
जनवरी 2025 में होने वाले कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के टिकटों को लेकर मचा बवाल कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब बुकमायशो ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होने वाले कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के टिकटों की कालाबाजारी करने के आरोप में मुंबई के विले पार्ले पुलिस स्टेशन में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। विले पार्ले पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66 (सी) और बीएनएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
विज्ञापन
बुकमायशो ने अपनी शिकायत में कहा कि 22 सितंबर को जब टिकटों की बिक्री शुरू हुई थी, तब उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि किसी तीसरे पक्ष से टिकट नहीं खरीदे जाने चाहिए। इस दौरान उन्हें दो व्यक्तियों से ईमेल मिले, जिसमें ज्यादा से ज्यादा टिकट बुक करने की मांग की गई थी। ईमेल में यह भी बताया गया था कि उन्होंने लोगों को टिकट मुहैया कराने का वादा किया है। इसके लिए उन्होंने लोगों से मोटी रकम भी ले ली है। इसके अलावा बुकमायशो को अन्य लोगों से भी इसी तरह के कई व्हाट्सएप संदेश मिले, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।
विज्ञापन
आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने बुकमायशो की मूल कंपनी बिग ट्री एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ आशीष हेमराजानी को रविवार को समन भेजा था। इससे पहले 27 सितंबर को भी हेमराजानी को जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए समन भेजा गया था। एडवोकेट अमित व्यास ने कोल्डप्ले कॉन्सर्ट टिकटों की कथित कालाबाजारी के बारे में ईओडब्ल्यू से शिकायत की है।
विज्ञापन
कोल्डप्ले की अभी भारत में चर्चा क्यों हो रही है?
हाल ही में मशहूर बैंड ने भारत में अपने कार्यक्रम की घोषणा की। यह कार्यक्रम 18, 19 और 21 जनवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा। कोल्डप्ले दुनिया भर में चर्चित हुए 'म्यूजिक ऑफ द स्फेयर्स' से तहत वर्ल्ड टूर कर रहा है जिसमें तीन शो मायानगरी मुंबई में रखे हैं। पहले कोल्डप्ले के अपने मुंबई शेड्यूल में दो ही शो रखे थे लेकिन लोगों में इसकी बढ़ती दीवानगी के कारण तीसरा शो भी जोड़ा गया। बैंड ने 18 और 19 जनवरी 2025 को डीवाई पाटिल स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम की नई तारीख 21 जनवरी, 2025 घोषित की।
टिकट को लेकर क्या हुआ है?
करीब आठ साल बाद कोल्डप्ले की वापसी को लेकर भारत में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बैंड ने आखिरी बार भारत में 2016 में ग्लोबल सिटीजन फेस्टिवल में प्रस्तुति दी थी। 18 और 19 जनवरी के शो की के टिकटों की बिक्री बीते 22 सितंबर को दोपहर में शुरू हुई, तो वेबसाइट और एप पर सात लाख से अधिक दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे चंद मिनटों में सिस्टम क्रैश हो गया। प्रशंसकों ने अपनी निराशा का अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किया। इसमें कई लोगों ने काफी इंतजार और एरर मैसेज मिलने की जानकारी दी। बुकमायशो ने लगभग 20 मिनट के बाद सिस्टम को बहाल किया, लेकिन उस समय तक 'शो बिक चुके हैं' की जानकारी मिली। बुकमायशो कोल्डप्ले के म्यूजिक कॉन्सर्ट के लिए आधिकारिक टिकटिंग पार्टनर है।
बैंड दर्शकों की मांग को देखते हुए अपने मुंबई शेड्यूल में तीसरा शो भी जोड़ा। इस अतिरिक्त कॉन्सर्ट के टिकट रविवार दोपहर 2 बजे पर लाइव हुए जो एक बार फिर चंद मिनटों में बिक गए। सभी शो में हर यूजर अधिकतम चार ही टिकट खरीद सकते थे। शो के एक टिकट की न्यूनतम कीमत 2500 रुपये रखी गई। हालांकि, कोल्डप्ले की टिकटों की कीमतें जहां 10 लाख रुपये तक पहुंच गईं। वहीं विशेष जरूरतों वाले सभी ग्राहकों को 6,450 रुपये प्रति टिकट की दर से फ्लोर टिकट दिए गए। इस शो के लिए कोई प्री-सेल नहीं रखी गई। शो से लगभग एक सप्ताह पहले दर्शकों के टिकट उनके घर पहुंचा दिए जाएंगे, टिकटों को न भूलने की सलाह दी गई है क्योंकि इन्हें बदला नहीं जाएगा।
टिकट को लेकर विवाद क्या है?
शो होने से पहले ही इसके टिकट पर विवाद शुरु हो गया। वकील अमित व्यास ने प्रशंसकों की ओर से बुकमायशो, लाइव नेशन के खिलाफ व्यास ने मुंबई में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में एक आपराधिक शिकायत दर्ज कराई। बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट के अनुसार, शिकायत में मुंबई में आयोजित होने वाले कोल्डप्ले कॉन्सर्ट से जुड़े बड़े पैमाने पर टिकट घोटाले का आरोप लगाया गया है। शिकायत में ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्मों पर अनैतिक व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है, जिसके कारण असली यूजर आधिकारिक बिक्री के दौरान टिकट नहीं खरीद सके।
शिकायत में दावा किया गया है कि टिकट बुकमायशो पर बिक चुके बताए गए थे, लेकिन कुछ समय पहले ही उन्हें कुछ थर्ड-पार्टी रीसेल साइट्स पर उनके मूल कीमत से 30 से 50 गुना ज्यादा दाम पर दिखाया गया। वकील व्यास ने संगठित अपराध, धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और आपराधिक विश्वासघात सहित भारतीय न्याय संहिता, 2023 की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शिकायत के अलावा, वकील की बॉम्बे उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने की भी योजना है।