Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Bombay High Court orders status quo on demolition of Dawood Ibrahim linked Musafirkhana

दाऊद के घर पर बुलडोजर कार्रवाई पर रोक: बॉम्बे हाईकोर्ट ने दिया यथास्थिति का आदेश, 25 नवंबर को सुनवाई

Thu, 19 Nov 2026 04:02 PM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई। Published by: राकेश कुमार Updated Thu, 19 Nov 2026 04:02 PM IST
सार

बॉम्बे हाईकोर्ट ने दाऊद इब्राहिम से जुड़ी मुंबई के भेंडी बाजार स्थित मुसाफिरखाना संपत्ति पर 25 नवंबर तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। बीएमसी ने अदालत को बताया कि सुबह तोड़फोड़ शुरू की गई थी। याचिकाकर्ताओं ने संपत्ति को वक्फ बताते हुए कार्रवाई को चुनौती दी है। मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को होगी।

विज्ञापन
Bombay High Court orders status quo on demolition of Dawood Ibrahim linked Musafirkhana
दाऊद के घर बुलडोजर एक्शन पर रोक - फोटो : @PTI

विस्तार

भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम से जुड़ी मुंबई के भेंडी बाजार स्थित विवादित संपत्ति पर तोड़फोड़ की कार्रवाई फिलहाल रुक गई है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने गुरुवार को इस संपत्ति पर 25 नवंबर तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया। उच्च अदालत ने साफ-साफ कहा है कि अगली सुनवाई तक संपत्ति की मौजूदा स्थिति में कोई बदलाव नहीं किया जाए। यह आदेश तब आया, जब बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अदालत को बताया कि गुरुवार सुबह संपत्ति पर तोड़फोड़ का काम शुरू कर दिया गया है।
विज्ञापन


उच्च अदालत में क्या हुआ?
मुख्य न्यायाधीश एमसी त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी। सुनवाई के दौरान बीएमसी के वकील ने बताया कि नगर निगम के कर्मचारी सुबह संपत्ति पर तोड़फोड़ की कार्रवाई कर चुके हैं। इस पर उन्होंने अदालत को भरोसा दिया कि निगम के कर्मचारियों को आधे घंटे के भीतर वहां से हटा लिया जाएगा। बॉम्बे हाईकोर्ट ने मामले में तथ्यों को विवादित बताते हुए अगली सुनवाई 25 नवंबर को दोपहर तीन बजे तय की। पीठ ने याचिकाकर्ताओं को महाराष्ट्र सरकार को भी मामले में पक्षकार बनाने का निर्देश दिया। अदालत ने दोनों पक्षों को अपनी आपत्तियां दाखिल करने की अनुमति भी दी है।
विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन


किस संपत्ति को लेकर है विवाद?
यह मामला दक्षिण मुंबई के भेंडी बाजार स्थित हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना ट्रस्ट की संपत्ति से जुड़ा है। इस परिसर में एक मस्जिद भी है। याचिका के मुताबिक, हाजी इस्माइल हाजी हबीब ने 1864 में हज यात्रियों के ठहरने के लिए इस जगह को मुसाफिरखाने के तौर पर समर्पित किया था। इसके साथ यहां एक मस्जिद भी बनाई गई थी। यह संपत्ति दाऊद इब्राहिम और उसके परिवार से जुड़ी रही है। इसी वजह से इसे दाऊद के पुराने ठिकाने के तौर पर भी जाना जाता है।


याचिकाकर्ताओं ने क्या आरोप लगाए?
शेख अब्दुल रजाक और एक अन्य व्यक्ति ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। उन्होंने बीएमसी के सी वार्ड की ओर से 16 नवंबर को जारी तोड़फोड़ के नोटिस को चुनौती दी है। इस नोटिस में परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया था। याचिकाकर्ताओं का दावा है कि यह संपत्ति वक्फ की है। उनका आरोप है कि नगर निगम की कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के पहले के आदेशों और तय कानूनी प्रक्रिया के खिलाफ है। उन्होंने अदालत से इस कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: 'वे मेरे लिए देवता जैसे थे': बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर घिरीं शायना एनसी, विवाद बढ़ने पर मांगी माफी

पुनर्विकास को लेकर भी विवाद
इस संपत्ति का विवाद सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (एसबीयूटी) की पुनर्विकास योजना से भी जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं ने तोड़फोड़ की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इसमें पहले से मौजूद अदालती आदेशों और जरूरी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाईकोर्ट को इस संपत्ति से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश की जानकारी भी दी गई। हालांकि, पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट में चल रही कार्यवाही और उसके सामने मौजूद मामला अलग-अलग हैं। उच्च अदालत ने इस मुद्दे पर कोई विशेष टिप्पणी नहीं की।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed