सीएए: देशभर में भाजपा का डोर-टू डोर कैंपेन जारी, 10 दिनों में तीन करोड़ लोगों तक पहुंचेगे मंत्री
भाजपा ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर अब तक का सबसे बड़ा जनजागरण अभियान शुरू किया है। एक ही दिन में देशभर के 42 जगहों पर पार्टी के 42 बड़े नेताॉ घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। अगले 10 दिनों में भाजपा के मंत्री और नेता देश के तीन करोड़ लोगों के पास पहुंचेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को दिल्ली से इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर भी दिल्ली में मौजूद रहें। वहीं पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजियाबाद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर, केंद्रीय मंत्री वी सदानंद गौड़ा बंगलूरू और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण राजस्थान के जयपुर से संपर्क अभियान को शुरू किया।
गोरखपुर में चार बुद्धिजीवियों के घर पहुंचे CM योगी
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर भाजपा के अब तक के सबसे बड़े जनजागरण अभियान के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में इस अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री शहर के चार बुद्धिजीवियों के घर पहुंचे और उन्हें कानून की जानकारी दी। सबसे पहले मुख्यमंत्री गोरखनाथ स्थित प्रतिष्ठान लगन पैलेस पर चौधरी कैफुल बरा की दुकान पर पहुंचे।
उसके बाद मुख्यमंत्री भारत के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद के प्रपौत्र अशोक प्रसाद के मुंशी प्रेम चन्द पार्क स्थित आवास, गोरखपुर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. राजाराम यादव के हुमायूंपुर स्थित आवास और हुमायंपुर में ही स्वर्गीय केबी सिंह के आवास पर भी पहुंचे और सभी को नागरिक संशोधन बिल की प्रतियां भेंट की।
लखनऊ पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहे बवाल पर सच बताने के लिए लखनऊ में हैं। रविवार को उन्होंने रिटायर्ड जस्टिस खेमकरन के एलडीए स्थित आवास पर प्रेस कांफ्रेंस की।
उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून किसी भी मजहब के खिलाफ नहीं है। विपक्षी पार्टियां राजनीतिक स्वार्थ के लिए कानून को लेकर भ्रम फैला रही हैं। यह भारत की परंपरा रही है कि शरणार्थियों को शरण दी जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकता कानून के तहत पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए पीड़ितों को नागरिकता देने के लिए कानून लाए हैं। इससे किसी को भी भयभीत होने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह कानून अल्पसंख्यकों के खिलाफ नहीं है लोगों को किसी भी तरह के भ्रम में नहीं फंसना चाहिए। मोदी सरकार सबका साथ सबका विकास की सोच के साथ काम कर रही है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पहुंचे शिमला
शिमला ग्रामीण के टुटू में जनजागरण अभियान करने पहुंचे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों से अपील की कि वह शांति बनाए रखें। सीएम ने कहा कि यह कानून किसी की नागरिकता छीनने वाला नहीं है बल्कि यह तो सालों से दबाए जा रहे शर्णार्थियों को नागरिकता देता है। उन्होंने लोगों से इसका समर्थन करने की अपील की।
बंगलूरू की सड़क पर उतरे सीएम येदियुरप्पा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा नागरिकता संशोधन कानून से लोगों को अवगत कराने के लिए बंगलूरू की सड़कों पर उतरें। उन्होंने कहा कि यह कानून गरीब शर्णार्थियों को नागरिकता देता है। इसलिए किसी को भी इसका विरोध नहीं करना चाहिए।
विपक्ष सीएए को लेकर लोगों में गलतफहमी फैला रहा: निर्मला सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को जयपुर में संशोधित नागरिकता कानून पर घर—घर जनजागरण अभियान शुरू करते हुए विपक्षी दलों पर सीएए को लेकर लोगों में गलतफहमी फैलाने का आरोप लगाया। जयपुर पहुंचीं सीतारमण ने सांगानेर इलाके के कागजी मोहल्ले में खुदाबक्श चौक पर एक मुस्लिम परिवार के घर जा कर सीएए के मुद्दे पर बात की।
उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) किसी की भी नागरिकता लेने के लिये नहीं है बल्कि यह कानून नागरिकता देगा। सीतारमण ने कहा कि विपक्ष को और कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है इसलिये वह गलतफहमी फैला रहा है, जो गलत है। सीएए को विपक्ष राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर या राष्ट्रीय नागरिकता पंजी से जोड़कर लोगों में गलतफहमी फैला रहा है और हमें इस गहलफहमी को दूर करना है।
कागजी मोहल्ले में जनजागरण अभियान के शुभारंभ के बाद, इस सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए वित्त मंत्री पास की लक्ष्मी कॉलोनी पहुंचीं। सीतारमण के साथ जयपुर सांसद रामचरण बोहरा और भाजपा के अन्य नेता भी मौजूद थे।
कई बड़े नेताओं ने शुरू किया अभियान
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मध्य प्रदेश, केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने हरियाणा, थावर चंद गहलोत ने छत्तीसगढ़ के रायपुर, डॉ. रमेश पोखरियाल ने निशंक उत्तराखंड के हल्द्वानी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने झारखंड के जमशेदपुर, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरुग्राम, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई, केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रामपुर में घर-घर जाकर संपर्क अभियान की शुरू किया। वहीं राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव ने लक्षद्वीप, राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर, पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र से अभियान का आगाज किया।
मध्यप्रदेश- छत्तीसगढ़ में भी शुरू हुआ बड़ा अभियान
भाजपा ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस कानून के समर्थन में माहौल बनाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। भाजपा नेताओं ने इस कानून के फायदे बताने और लोगों का समर्थन हासिल करने के लिए गोष्ठियां शुरू कर दी हैं। समर्थन जुटाने के लिए भाजपा के अभियान की शुरुआत उज्जैन से हुई है। ठीक इसी प्रकार छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह और उषा ठाकुर धार, सांसद रामशंकर कठेरिया और मनोहर उंटवाल रतलाम, छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और पूर्व मंत्री विश्वास सारंग राजगढ़ और केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत मंदसौर में प्रबुद्धजनों के साथ गोष्ठियां की। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह 12 जनवरी को जबलपुर में प्रबुद्धजन सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।