Politics: 'अपने ही नेता पर मिसाइल दाग रही कांग्रेस, पाकिस्तान पर नहीं बोलेगी'; शशि थरूर के बचाव में उतरी भाजपा
उदित राज के शशि थरूर पर दिए गए बयान को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गांधी के इशारे पर थरूर पर हमला करने के लिए उदित राज को तैनात किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इस समय कांग्रेस के किसी नेता का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है तो वह शशि थरूर हैं। आलम यह है कि उनकी ही पार्टी के नेता शशि थरूर की आलोचना कर रहे हैं और उन्हें भाजपा का सुपर प्रवक्ता बता रहे हैं। वहीं, भाजपा शशि थरूर का बचाव करती नजर आ रही है। दरअसल, आज कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने अपनी ही पार्टी के सांसद शशि थरूर पर तीखा हमला बोला और उन्हें भाजपा का सुपर प्रवक्ता बता दिया। वहीं अब उनके इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। भाजपा ने कहा कि उदित राज राहुल गांधी के कहने पर शशि थरूर पर तंज कस रहे हैं। क्योंकि केरल से सांसद थरूर ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को बेनकाब करने के मामले में पार्टी और गांधी परिवार से ऊपर राष्ट्रहित को रखा।
शशि थरूर केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न देशों के दौरों पर भेजे गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं और एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। शशि थरूर के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल फिलहाल पनामा में मौजूद है।
कांग्रेस अपने ही नेता पर मिसाइल दाग रही- शहजाद पूनावाला
उदित राज के शशि थरूर पर दिए गए बयान को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गांधी के इशारे पर थरूर पर हमला करने के लिए उदित राज को तैनात किया है। वह भी ऐसे समय में जब कांग्रेस सांसद के नेतृत्व में एक बहुदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को बेनकाब करने के लिए विदेश में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो अपने ही नेता पर मिसाइल दाग रही है, पाकिस्तान के खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोलेगी। पूनावाला ने कहा कि थरूर पर इसलिए हमला किया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने राष्ट्रीय नीति को वोट बैंक (राजनीति) से ऊपर रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, जो कि सर्वदलीय बैठक में कह रही थी कि वह इस मुद्दे पर देश और भारतीय सशस्त्र बलों के साथ है, अब अपने दोहरा रवैया दिखा रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने इस दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं के हालिया बयानों का भी हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर पाकिस्तान को ‘क्लीन चिट’ देने में लगी हुई है।
क्या बोले थे उदित राज
शशि थरूर ने पनामा में दिए अपने एक भाषण में कहा कि 'भारत सरकार ने हाल के वर्षों में अपनी सोच में बदलाव किया है। जिसके बाद आतंकियों को भी ये अहसास हो गया है कि उन्हें भारत में हमले की कीमत चुकानी पड़ेगी। थरूर की इस टिप्पणी ने उनकी ही पार्टी के नेताओं को नाराज कर दिया। उदित राज ने कहा कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर भाजपा के सुपर प्रवक्ता बन गए हैं। जो भाजपा नेता नहीं कह रहे हैं, वो शशि थरूर, पीएम मोदी और सरकार के बारे में कह रहे हैं। क्या उन्हें (थरूर) पता भी है कि पिछली सरकारों ने क्या किया? वे (केंद्र सरकार) भारतीय सशस्त्र बलों का श्रेय ले रहे हैं। शशि थरूर भाजपा के प्रचार विभाग के प्रवक्ता बने हुए हैं।'
ये भी पढ़ें- Trump: ट्रंप प्रशासन को एक और झटका, कानूनी फर्मों के खिलाफ कार्यकारी आदेश पर संघीय जज ने लगाई रोक
शशि थरूर ने ऐसा क्या कह दिया जिससे नाराज हो गए कांग्रेसी
पनामा में दिए अपने भाषण में शशि थरूर ने सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट स्ट्राइक का जिक्र किया और कहा कि 'हाल के वर्षों में भारत की सोच में बदलाव आया है। अब आतंकियों को पता है कि उन्हें कीमत चुकानी होगी। इस पर कोई शक नहीं है। पहली बार भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक के समय एलओसी पार कर आतंकी ठिकानों पर हमले किए। यहां तक की कारगिल की लड़ाई में भी हमने सीमापार नहीं की थी। इस बार न सिर्फ हमने सीमा पार की है बल्कि अंतरराष्ट्रीय सीमा भी पार की है। हमने पाकिस्तान के मध्य में स्थित पंजाब में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।'
इसे भी पढ़ें- कांग्रेस बनाम कांग्रेस: 'भाजपा के सुपर प्रवक्ता बन गए हैं शशि थरूर', उदित राज ने पार्टी सांसद पर ही बोला हमला
'आप पार्टी के प्रति इतने बेईमान कैसे हो सकते हैं'
इस पर कांग्रेस नेता उदित राज ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'आप ये कहकर कांग्रेस के स्वर्णिम इतिहास को कैसे कमतर कर सकते हैं कि पीएम मोदी से पहले भारत ने कभी एलओसी पार नहीं की। 1965 की लड़ाई में भारतीय सेना लाहौर तक पहुंच गई थी। साल 1971 में कांग्रेस के समय पाकिस्तान को दो हिस्सों में बांट दिया गाय था। साथ ही यूपीए सरकार के कार्यकाल में कई सर्जिकल स्ट्राइक की गईं, लेकिन उनका ढिंढोरा नहीं पीटा गया। आप पार्टी के प्रति इतने बेईमान कैसे हो सकते हैं, जिस पार्टी ने आपको इतना कुछ दिया।'
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.