Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Bisleri FSSAI Controversy Unsafe Water Chemicals International standards Prosecution Explained

एक्सप्लेनर: बिसलेरी के पानी में ऐसा क्या मिला कि केस चलाने की दी गई मंजूरी, आगे हो सकती है कैसी कार्रवाई?

Mon, 23 Nov 2026 02:18 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Mon, 23 Nov 2026 02:18 PM IST
सार

भारत के खाद्य सुरक्षा नियामक- एफएसएसएआई ने बिसलेरी के पानी के सैंपल को क्यों बताया 'असुरक्षित'? जानें जांच में मिले ब्रोमेट और अन्य केमिकल के खतरे, बिसलेरी का पक्ष और क्या हो सकती है कानूनी कार्रवाई।

विज्ञापन
Bisleri FSSAI Controversy Unsafe Water Chemicals International standards Prosecution Explained
जांच के दायरे में बिसलेरी का बोतलबंद पानी। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भारत में बोतलबंद पानी बेचने वाली सबसे बड़ी कंपनियों में शुमार बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दरअसल, एक दिन पहले ही भारत में खाने-पीने की चीजों के सुरक्षा मानक जांचने और तय करने वाली संस्था- भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में बिसलेरी के पैकेज्ड पेयजल का नमूना 'असुरक्षित' पाया। इसके बाद एफएसएसएआई ने कंपनी के खिलाफ कानूनी मुकदमा (अभियोजन) चलाने की औपचारिक मंजूरी दे दी। 
विज्ञापन


बिसलेरी के खिलाफ इस तरह से विनियामक कार्रवाई के बाद अब देशभर में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर उसके पानी में ऐसा क्या मिला है, जिसे लेकर एफएसएसआई ने कार्रवाई की है? इस पूरे मामले पर बिसलेरी की तरफ से क्या जवाब आया है? बिसलेरी पर आगे किस तरह की कार्रवाई हो सकती है? पश्चिमी देशों, खासकर अमेरिका में इस तरह खाद्य या पेय पदार्थ में कुछ गड़बड़ निकलने पर किस तरह की कार्रवाई का चलन है? और आखिर में बिसलेरी की भारत के बाजार में कितनी पकड़ है? आइये जानते हैं...
विज्ञापन
Trending Videos

पहले जानें- एफएसएसएआई ने बिसलेरी के पानी की जांच में क्या पाया?

1. ब्रोमेट की ज्यादा मात्रा
  • प्रारंभिक जांच में पाया गया कि पानी का नमूना निर्धारित ब्रोमेट सीमाओं का पालन नहीं करता पाया गया और इसे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 (एफएसएस अधिनियम) के तहत असुरक्षित  घोषित किया गया। 
  • इकट्ठा किए गए नमूनों में से एक में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया, जबकि निर्धारित सीमा अधिकतम 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।


2. पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी
कंपनी की ओर से अपील किए जाने के बाद जब नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, तो वहां भी इसे असुरक्षित घोषित किया गया। रेफरल लैब ने नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए जाने की पुष्टि की।
विज्ञापन

अब जानें- विवाद को लकेर बिसलेरी की तरफ से क्या कहा गया?

  • कंपनी ने दावा किया कि उसका बोतलबंद पानी पूरी तरह सुरक्षित है। कंपनी ने कहा कि वह अपनी 10-चरणीय निर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक परीक्षणों के कड़े गुणवत्ता नियंत्रण मानकों का पालन करती है।
  • बिसलेरी के अनुसार, यह मामला करीब 14 महीने पुराना है, जो सितंबर 2025 में उनके गोवा प्लांट में बने एक बैच से जुड़ा है। कंपनी का कहना है कि यह प्लांट उसके 143 संयंत्रों में से एक है। 
  • कंपनी ने बताया कि एफएसएसएआई की ओर से लिए गए छह नमूनों में से पांच सभी तय मानकों पर खरे उतरे थे। केवल एक नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया था।
  • कंपनी की अपील के बाद जब सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, तो वहां ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया गया। हालांकि लैब ने अलग से पीएएच की पहचान की।
  • इसके अलावा, जब बिसलेरी ने एक अन्य एफएसएसएआई-स्वीकृत स्वतंत्र प्रयोगशाला में उसी नमूने की जांच कराई, तो वहां भी ब्रोमेट सुरक्षित सीमा के भीतर निकला।
विज्ञापन

बिसलेरी का कहना है कि इन स्वतंत्र जांच रिपोर्ट्स को 2 फरवरी 2026 को एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दिया था। इसके बाद नियामक की ओर से कोई नोटिस नहीं आया, जिसके चलते कंपनी ने मान लिया था कि मामला सुलझ गया है और बंद हो चुका है। अभियोजन की कार्रवाई की मंजूरी दिए जाने के बाद कंपनी ने कहा कि उसे ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए एफएसएसएआई का कोई नोटिस नहीं मिला है। साथ ही बिसलेरी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे को सुलझाने के लिए नियामक के साथ पूरा सहयोग जारी रखेगी।

ये भी पढ़ें: क्या बिसलेरी का पैकेज्ड पानी सुरक्षित नहीं?: एफएसएसएआई ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन को दी मंजूरी, चलेगा मुकदमा 


बिसलेरी के पानी में जिन घातक पदार्थों के मिलने की आशंका, वह कितने खतरनाक?

एफएसएसएआई और प्रयोगशाला परीक्षणों में बिसलेरी के पानी के नमूने में दो मुख्य रसायन- ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) के मिलने या स्तर अधिक होने की बात सामने आई थी। ये दोनों ही पदार्थ स्वास्थ्य के लिहाज से काफी गंभीर और खतरनाक माने जाते हैं।

1. ब्रोमेट

Bisleri FSSAI Controversy Unsafe Water Chemicals International standards Prosecution Explained
बिसलेरी के बोतलबंद पानी की जांच में मिले खतरनाक केमिकल की अधिक मात्रा। - फोटो : अमर उजाला
अगर ब्रोमेट का सेवन अधिक मात्रा में हो, तो इससे जी मिचलाना, उल्टी, पेट में तेज दर्द, गुर्दे का नुकसान और यहां तक कि सुनने की क्षमता में कमी  जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

सुरक्षित सीमा
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और भारत की एफएसएसएआई दोनों ने पेयजल में ब्रोमेट की अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तय की है, ताकि लंबे समय में होने वाले दुष्प्रभावों से बचा जा सके।


2. पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच)

Bisleri FSSAI Controversy Unsafe Water Chemicals International standards Prosecution Explained
बिसलेरी के बोतलबंद पानी की जांच में मिले खतरनाक केमिकल की अधिक मात्रा। - फोटो : अमर उजाला
शोध के मुताबिक, पीएएच का शरीर पर प्रजनन , विकासात्मक और रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यून सिस्टम) पर नकरात्मक प्रभाव पड़ सकता है।


सुरक्षित सीमा
डब्ल्यूएचओ ने इसके घातक घटक बेंजो[ए]पाइरीन के लिए पेयजल में 0.7 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की सख्त गाइडलाइन तय की है।


ब्रोमेट और पीएएच की पहचान में कठिनाई

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, पानी में ब्रोमेट और पीएमची की मौजूदगी को देखकर, सूंघकर या चखकर नहीं पहचाना जा सकता। बिल्कुल साफ दिखने वाला पानी भी रासायनिक रूप से दूषित हो सकता है, जिसकी पुष्टि सिर्फ लैबोरेट्री परीक्षणों से ही संभव है।

गौरतलब है कि यह जांच एक विशिष्ट बैच के सैंपल से जुड़ी थी और एफएसएसएआई ने इन पदार्थों के सटीक स्तरों को सार्वजनिक नहीं किया था, इसलिए पूरे ब्रांड के सभी उत्पादों को सीधे तौर पर दूषित नहीं माना गया है।

क्या बिसलेरी पर कोई कार्रवाई हो सकती है?

  • एफएसएसएआई ने प्रयोगशाला जांच में पानी का नमूना असुरक्षित पाए जाने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा चलाने की औपचारिक मंजूरी दे दी है।
  • हालांकि, नियामक की ओर से मुकदमा चलाने की मंजूरी देना अपने आप में अंतिम अदालती सजा नहीं है। अब यह मामला अदालत में कानूनी प्रक्रिया के तहत चलेगा, जहां दोनों पक्षों के सबूतों और परीक्षण रिपोर्ट्स पर विचार किया जाएगा।
  • रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले के सामने आने के बाद सरकार ने केवल बिसलेरी ही नहीं, बल्कि देश भर के अलग-अलग पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड्स के नमूनों की देशव्यापी जांच और गहराई से कराने का फैसला भी किया है।


विदेश में इस तरह की चूक मिलने पर किस तरह होती है कार्रवाई?

अगर सिर्फ अमेरिका में ही खाद्य-पेय पदार्थों और दवाओं के मानक तय करने वाले प्राधिकरण- फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (यूएस एफडीए) की गाइडलाइंस पर गौर करें तो सामने आता है कि अगर वहां पैकेज्ड पानी या खाद्य उत्पादों में ऐसी रासायनिक या जैविक गड़बड़ियां पाई जाती हैं तो वहां कार्रवाई के लिए एक सुव्यवस्थित तरीका है, जो सार्वजनिक स्तर पर चलाया जाता है। 

1. विस्तृत सार्वजनिक चेतावनी जारी करना

  • अमेरिका में जब किसी उत्पाद में कुछ गड़बड़ी या अशुद्धि पाई जाती है, तो नियामक केवल आंतरिक स्तर पर कार्रवाई नहीं करता, बल्कि उपभोक्ताओं के लिए विस्तृत सार्वजनिक अलर्ट जारी करता है।
  • इसमें कंपनी का नाम, उत्पाद, प्रभावित बोतल का आकार, विशिष्ट बैच नंबर और वे इलाके जहां यह भेजे गए थे, स्पष्ट रूप से बताए जाते हैं, ताकि दुकानदार और आम लोग सतर्क रहें।
  • साथ ही उपभोक्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए जाते हैं कि उत्पाद का सेवन न करें, उसे फेंक दें। साथ ही बोतलों को वापस करने की प्रक्रिया भी सार्वजनिक नोटिस के जरिए बताई जाती है।

ये भी पढ़ें: बिसलेरी के पानी पर नियामक सख्त: गोवा फैसिलिटी का सैंपल जांच में असुरक्षित, कंपनी ने आरोपों पर क्या जवाब दिया?


2. जोखिम के आधार पर वर्गीकरण

अमेरिकी एफडीए संभावित स्वास्थ्य जोखिमों के आधार पर उत्पाद वापसी को तीन श्रेणियों में बांटता है...
 

Bisleri FSSAI Controversy Unsafe Water Chemicals International standards Prosecution Explained
बिसलेरी के बोतलबंद पानी पर विवाद। - फोटो : अमर उजाला

3. कब जरूरी हो जाती है उत्पाद की वापसी

  • अमेरिकी 'फूड सेफ्टी मॉडर्नाइजेशन एक्ट' (एफएसएमए) के तहत लैब जांच में नमूना फेल होने पर सबसे पहले संबंधित कंपनी को वितरण रोकने और उत्पाद की स्वैच्छिक वापसी का मौका दिया जाता है।
  • अगर कंपनी कार्रवाई करने से इनकार करती है या इसमें नाकाम रहती है और उत्पाद से गंभीर स्वास्थ्य नुकसान का जोखिम हो, तो नियामक अपनी शक्तियों के जरिए अनिवार्य वापसी का आदेश जारी कर सकता है।


4. क्या हैं बीते वर्षों के कुछ मामले

रियल वॉटर (2021): अमेरिका के इस पैकेज्ड वाटर ब्रांड के पानी से जब गैर-वायरल हेपेटाइटिस के मामले सामने आने की आशंका हुई, तो कंपनी ने सभी आकारों की बोतलों की खुद से वापसी की और जांच पूरी होने तक उत्पादन व वितरण बंद कर दिया।

वानाबाना (2023): सेब-दालचीनी प्यूरी में लेड (सीसा) का स्तर अधिक पाए जाने पर तुरंत सार्वजनिक चेतावनी जारी कर लगभग 30 लाख पाउच वापस मंगाए गए थे।

5. विदेशी व्यवस्था की भी अपनी सीमाएं

विदेशी नियामक व्यवस्था भी पूरी तरह गड़बड़ियों से मुक्त नहीं है। 2019 में कंज्यूमर रिपोर्ट्स की एक जांच में पाया गया था कि कुछ पैकेज्ड पानी कंपनियों के जल स्रोतों में ई. कोलाई जैसे खतरनाक बैक्टेरिया पाए जाने के बावजूद एफडीए ने हर मामले में रिकॉल करने या उपभोक्ताओं को सूचित करने का कदम नहीं उठाया था। अमेरिकी नियामक भी हर एक मामले का आकलन उसके जोखिम स्तर के आधार पर अलग-अलग करता है।


बिसलेरी की भारत के बाजार में कितनी पकड़ है?

भारत में बोतलबंद पानी का संगठित बाजार काफी बड़ा है। यहां बिस्लेरी से लेकर कोका कोला की किनली और पेप्सिको की एक्वाफिना तक मुकाबले में रही हैं। इसके अलावा रेल नीर, बेली, हिमालयन, आदि कंपनियों का भी अच्छा खासा मार्केट शेयर है। इसके अलावा असंगठित और क्षेत्रीय ब्रांड्स का भी कुछ क्षेत्रों में प्रभाव रहा है। 

Bisleri FSSAI Controversy Unsafe Water Chemicals International standards Prosecution Explained
बिसलेरी का भारत में मार्केट शेयर। - फोटो : अमर उजाला
बिसलेरी भारत में मौजूदा समय में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बेचने वाली सबसे बड़ी कंपनी है। रेलवे स्टेशनों से लेकर जिम के बाहर तक भारत में बिसलेरी के अलावा कुछ और कंपनियों का ही कब्जा है। बिसलेरी के वित्त वर्ष 2024 तक के आंकड़ों को लिया जाए तो सामने आता है कि इसके लाभ में 82.8 फीसदी का इजाफा हुआ था और यह 316.95 करोड़ रहा था। वहीं, इस दौरान कंपनी का राजस्व 18.32 फीसदी बढ़कर 2814.04 करोड़ दर्ज किया गया था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed