{"_id":"635187bfa49011260e6f90cc","slug":"bilkis-bano-case-mallikarjun-kharge-attacks-on-pm-modi-was-pm-talking-about-this-respect-for-women","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bilkis Bano Case: खरगे का पीएम मोदी पर हमला, क्या प्रधानमंत्री महिलाओं के इसी सम्मान की बात कर रहे थे?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Bilkis Bano Case: खरगे का पीएम मोदी पर हमला, क्या प्रधानमंत्री महिलाओं के इसी सम्मान की बात कर रहे थे?
Thu, 20 Oct 2022 11:09 PM IST
Amit Mandal
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Amit Mandal
Updated Thu, 20 Oct 2022 11:09 PM IST
सार
खरगे ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महिलाओं के लिए सम्मान भारत के विकास के लिए महत्वपूर्ण स्तंभ है। एक कैबिनेट मंत्री बिल्किस बानो मामले में दोषियों की रिहाई का बचाव करते हैं।
विज्ञापन
मल्लिकार्जुन खड़गे
- फोटो : एएनआई
विस्तार
कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिल्किस बानो मामले में दोषियों की रिहाई का एक केंद्रीय मंत्री द्वारा बचाव किए जाने पर पीएम मोदी को निशाने पर लिया। खरगे ने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के लिए इसी सम्मान की बात कर रहे थे। भारत के विकास के लिए महिलाओं का सम्मान महत्वपूर्ण बताने संबंधी प्रधानमंत्री के बयान का जिक्र करते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेता परोल पर रिहा दुष्कर्म के एक अन्य मामले के दोषी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।
विज्ञापन
खरगे ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महिलाओं के लिए सम्मान भारत के विकास के लिए महत्वपूर्ण स्तंभ है। एक कैबिनेट मंत्री बिल्किस बानो मामले में दोषियों की रिहाई का बचाव करते हैं। भाजपा नेता परोल पर बाहर एक अन्य दुष्कर्म दोषी की मेजबानी में हुए कार्यक्रम में भाग लेते हैं। क्या प्रधानमंत्री महिलाओं के लिए इसी सम्मान की बात कर रहे थे।
विज्ञापन
गुजरात के गोधरा में ट्रेन में आग लगाए जाने की घटना के बाद भड़के दंगों के दौरान 21 साल की बिल्किस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। उस समय वह पांच महीने की गर्भवती थी। दंगों में उसकी तीन साल की बेटी समेत सात परिजन मारे गए थे। इस मामले के 11 दोषी 15 अगस्त को गोधरा उपजेल से बाहर आए थे। गुजरात सरकार ने अपनी माफी नीति के तहत उनकी रिहाई की मंजूरी दी थी। गुजरात सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि गृह मंत्रालय ने 11 जुलाई, 2022 के पत्र में 11 दोषियों की समय-पूर्व रिहाई की मंजूरी दी थी। उसने यह भी बताया कि सीबीआई की विशेष अपराध शाखा, मुंबई के पुलिस अधीक्षक और शहर दीवानी व सत्र अदालत, ग्रेटर मुंबई के विशेष दीवानी न्यायाधीश ने प्रस्ताव का विरोध किया था।
विज्ञापन
खरगे बोले, आर्थिक मुद्दों पर ध्यान दे मोदी सरकार
कांग्रेस ने गुरुवार को भारतीय रुपये की लगातार गिरावट को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह हमेशा चुनावी मोड में रहती है और आर्थिक मुद्दों पर ध्यान नहीं देती है। पार्टी ने यह भी सुझाव दिया कि प्रधानमंत्री मोदी इस मामले में उपाय करने के लिए विशेषज्ञों के साथ तत्काल बैठक बुलाएं। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि रुपया डॉलर के मुकाबले 83 रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है, यह भारत की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत खतरनाक साबित हो सकता है।
खरगे ने हिंदी में एक ट्वीट में कहा, "वित्त मंत्री ने कहा कि रुपया कमजोर नहीं हो रहा है, डॉलर मजबूत हो रहा है। सिर्फ बयानबाजी से काम नहीं चलेगा, केंद्र सरकार को जल्द ही ठोस कदम उठाने होंगे।" कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि सरकार रुपये के मूल्य में लगातार गिरावट के खिलाफ असहाय लगती है। उन्होंने कहा कि रुपये में गिरावट का असर मुद्रास्फीति, चालू खाते के घाटे और ब्याज दरों पर पड़ेगा। इस समय, सरकार को देश में उपलब्ध सभी ज्ञान और अनुभव की जरूरत है। मैंने प्रतिष्ठित पेशेवरों के एक समूह का सुझाव दिया है, जिनके दिल में देश का हित है।
निराश नहीं हूं, चुनाव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरा : थरूर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि उन्होंने पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव के नतीजों के बारे में सोनिया गांधी से गुरुवार को बात की और उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक नहीं है कि ‘लोग अपने बीच में से ही किसी एक का समर्थन करेंगे। इस चुनाव में मल्लिकार्जुन खरगे का कई वरिष्ठ नेताओं ने समर्थन किया जबकि बदलाव के उम्मीदवार के तौर पर अपने आप को पेश करने वाले थरूर का पार्टी के ऐसे कार्यकर्ताओं ने समर्थन किया जिन्हें कम जाना जाता है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई की आत्मकथा के विमोचन पर थरूर ने यह भी कहा कि वह नतीजों को लेकर हताश नहीं हैं क्योंकि चुनावों ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। यह पूछे जाने पर कि क्या वह चुनाव नतीजों से निराश हैं, इस पर थरूर ने कहा, नहीं, मैं निराश नहीं हूं क्योंकि अभियान के शुरुआती क्षणों से ही यह स्पष्ट था कि मोहसिना किदवई या सैफुद्दीन सोज या कुछ अन्य साथी सांसदों के कुछ विरले मामलों को छोड़कर पूरी पार्टी खरगे समर्थन करने जा रही है और मुझे इसे लेकर कोई शिकायत नहीं है।
तिरुवनंतपुरम के सांसद ने कहा कि बल्कि सोनिया जी और मैं आज चुनावों के बारे में बात कर रहे थे और उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक नहीं है कि लोग अपने बीच में से ही किसी एक का समर्थन करेंगे और मैंने कहा, बिल्कुल, मुझे कोई हैरानी नहीं हुई। थरूर ने कार्यक्रम के बाद कहा कि उन्होंने सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया ने दोनों पक्षों के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं में जिस तरीके से जोश भरा, उससे वह काफी संतुष्ट हैं।