तेज रफ्तार स्कूटी चालक ने बच्चे को मारी टक्कर, दोस्तों ने की फायरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर गांव में तेज रफ्तार स्कूटी ने सात साल के बच्चे को टक्कर मारकर घायल कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने स्कूटी चालक की धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंचे स्कूटी चालक के साथियों ने स्थानीय लोगों से मारपीट और फायरिंग कर दी। लोगों से घिरने पर आरोपी दो स्कूटी, एक पल्सर और एक बुलेट छोड़कर भाग निकले।
मामला दो समुदायों के बीच का होने के चलते इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ़्तारी को लेकर जमकर बवाल काटा। इसके बाद मौके पर चार थानों की पुलिस पहुंच गई। बाद में सीओ सिटी भी पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
चांदपुर निवासी चेतन उर्फ चीनू (7) पुत्र पिंटू शुक्रवार रात करीब 9.15 बजे घर के बाहर खेल रहा था। तभी एक तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने दौड़कर स्कूटी चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। स्कूटी चालक ने मोबाइल से फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। उसके साथी एक बुलेट, एक स्कूटी और एक पल्सर बाइक पर सवार होकर पहुंचे।
आरोपियों ने स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। इसके बाद ग्रामीणों से खुद को घिरता देख आरोपियों ने तमंचे से कई राउंड हवाई फायरिंग की। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी वाहनों को छोड़कर भाग खड़े हुए। पब्लिक ने एक आरोपी को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जमकर बवाल काटा और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सीओ सिटी हिमांशु गौरव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को शांत किया।
बताते हैं कि मारपीट के दौरान एक सतवीर नामक व्यक्ति भी घायल हुआ है। पुलिस ने बच्चे समेत सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी दूसरे समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। लोगों का कहना है कि आरोपी पड़ोसी गांव अकबरपुर के रहने वाले हो सकते हैं।
इस घटना के बारे में सीओ सिटी हिमांशु गौरव ने बताया कि एक बच्चा स्कूटी की टक्कर से घायल हो गया। इसी बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। फायरिंग की सूचना भी मिली थी। मौके पर मिली एक बुलट, एक पल्सर और दो स्कूटी को कब्जे लेकर कोतवाली भेज दिया है। एक आरोपी ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा है। जिससे पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है।