फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Bihar Vaishali Boat Accident: Several Children Dead, PM Modi Announces Financial Aid Updates Hindi

बिहार नाव हादसा: वैशाली में 13 बच्चों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख; मृतकों के परिजनों को छह लाख रुपये की मदद

Wed, 14 Oct 2026 12:05 AM IST
शिवम गर्ग आईएएनएस, नई दिल्ली
आईएएनएस, नई दिल्ली Published by: शिवम गर्ग Updated Wed, 14 Oct 2026 12:05 AM IST
सार

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की है। राज्य सरकार ने भी सहायता का एलान किया है।

विज्ञापन
Bihar Vaishali Boat Accident: Several Children Dead, PM Modi Announces Financial Aid Updates Hindi
बिहार नाव हादसा - फोटो : Amar Ujala Graphics

विस्तार

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में नाव पलटने की दर्दनाक घटना में 13 बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता मिलेगी।

विज्ञापन


पीएम मोदी ने शोक जताया, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की
पीएमओ ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर वैशाली में नाव पलटने की घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रहा है। पीएमओ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मृतकों के परिजनों और घायलों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाएगी।
विज्ञापन

 

बिहार सरकार भी देगी चार-चार लाख रुपये
हादसे के बाद बिहार सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है। इस तरह केंद्र और राज्य सरकार की घोषित सहायता के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल छह लाख रुपये की आर्थिक मदद मिल सकती है। हालांकि, सहायता राशि के वितरण की प्रक्रिया संबंधित सरकारी प्रावधानों के अनुसार होगी।

तेजस्वी यादव बोले- अब तक 14 शव बरामद
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव ने इस घटना को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा राघोपुर दियारा के रामपुर श्यामचंद में हुआ। तेजस्वी यादव के मुताबिक, कुछ बच्चे भोज में शामिल होने के लिए नाव से गए थे। लौटते समय नाव पलट गई, जिससे कई लोगों की जान चली गई। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या करीब 30 हो सकती है। अब तक 14 शव बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह पटना पहुंचने के बाद सीधे राघोपुर जाएंगे।
 

तेजस्वी ने हादसे में बच्चों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने की अपील की। रात में हुए इस हादसे के बाद बचाव अभियान जारी है। उन्होंने अपने लोगों को भी घटनास्थल पर भेजा है, ताकि स्थिति का जायजा लेकर पीड़ितों की मदद की जा सके।

भोज में शामिल होने जा रहे थे बच्चे, तभी पलट गई नाव
यह हादसा मंगलवार देर शाम वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 15 से 20 बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर गंगा नदी में पलट गई। नाव पर सवार बच्चे नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन बचाव अभियान में जुट गए। अभियान के दौरान अब तक 13 बच्चों के शव बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।


मृतकों की हुई पहचान, परिवारों में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृत बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed