{"_id":"60a6a08f8ebc3e7de405df8b","slug":"big-preparations-in-mumbai-target-of-vaccines-for-all-in-two-months-global-tender-to-import-one-crore-vaccines","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुंबई में बड़ी तैयारी: दो माह में सबको टीके का लक्ष्य, एक करोड़ टीके आयात करने का वैश्विक टेंडर ","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
मुंबई में बड़ी तैयारी: दो माह में सबको टीके का लक्ष्य, एक करोड़ टीके आयात करने का वैश्विक टेंडर
Thu, 20 May 2021 11:16 PM IST
सुरेंद्र जोशी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Thu, 20 May 2021 11:16 PM IST
सार
बीएमसी ने मुंबई को कोरोना मुक्त करने का संकल्प ले लिया है। इसी इरादे से एक करोड़ टीके आयात किए जाएंगे। इसके लिए निकाले गए वैश्विक टेंडर की आखिरी तारीख बढ़ाकर 25 मई कर दी गई है।
विज्ञापन
दादाभाई नौरोजी रोड, मुंबई
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
विस्तार
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को कोरोना मुक्त करने का बीएमसी ने बीड़ा उठाया है। उसने हाल ही एक करोड़ टीके का आयात करने के लिए वैश्विक टेंडर निकाला है। इसमें रूसी वैक्सीन स्पुतनिक-वी की निर्माता कंपनी समेत कई कंपनियों ने रुचि दिखाई है। इस बीच टेंडर पेश करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 25 मई कर दी गई है। बीएमसी ने इन कंपनियों से कुछ और दस्तावेज मंगाए हैं।
विज्ञापन
अच्छी खबर यह भी है कि मुंबई में कोरोना संक्रमण दर लगातार घटते हुए अब पांच प्रतिशत तक आ गई है। पिछले माह यह 31 फीसदी तक पहुंच गई थी। इस माह के अंत तक यह दो प्रतिशत पर पहुंचने का अनुमान है।
विज्ञापन
सात अरब रुपये खर्च होंगे
बीएमसी के कमिश्नर इकबाल सिंह चहल के अनुसार मुंबई अपने दम पर टीके आयात करने का निर्णय करने वाला देश का पहला शहर है। इस पर करीब सात अरब रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि जब हमारे पास डेढ़ करोड़ खुराक हो जाएंगी तो मात्र 60 दिन में मुंबई के सारे लोगों को टीके लगाए जा सकेंगे। इससे कोरोना पर काबू पाया जा सकेगा।
विज्ञापन
टेंडर की रेस में दिग्गज कंपनियां
बीएमसी का टेंडर पाने के लिए विश्व की दिग्गज कंपनियां मैदान में आ गई है। पहले टेंडर पेश करने की अंतिम तारीख 18 मई थी, जिसे बढ़ाकर अब 25 मई कर दिया गया है। इसे पाने के लिए फाइजर, जॉनसन एंड जॉनसन , सीरम, भारत बायोटेक व मॉडर्ना सक्रिय हैं।
महाराष्ट्र सरकार भी निकालेगी टेंडर
बीएमसी को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने भी पूरे राज्य के लिए पांच करोड़ टीके खरीदने का फैसला किया है। वह भी जल्द वैश्विक टेंडर जारी करेगी। इस बीच ठाणे और नवी मुंबई की नगर निगम ने भी वैक्सीन खरीदने के लिए ऐसे ही टेंडर निकाल दिए हैं। ठाणे नगर निगम पांच लाख तो नवी मुंबई नगर निगम चार लाख डोज खरीदेगी।