Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   belonging memoir sonia gandhi reveals palmist’s prediction that Rajiv not Sanjay would be PM

'संजय नहीं, राजीव बनेंगे पीएम': सोनिया गांधी की किताब में बड़ा खुलासा; ज्योतिषी ने दशकों पहले की थी भविष्यवाणी

Thu, 12 Nov 2026 11:34 AM IST
अमन मौर्या आईएएनएस, नई दिल्ली
आईएएनएस, नई दिल्ली Published by: अमन मौर्या Updated Thu, 12 Nov 2026 11:34 AM IST
सार

सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में खुलासा किया है कि 1970 के दशक में एक हस्तरेखा विशेषज्ञ ने भविष्यवाणी की थी कि संजय गांधी नहीं, बल्कि राजीव गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। बाद में संजय और इंदिरा गांधी की मौत के बाद राजीव प्रधानमंत्री बने। किताब में सोनिया ने 10 जनपथ से जुड़ी अशुभ मान्यताओं और राजीव गांधी की हत्या से जुड़े घटनाक्रम का भी जिक्र किया है।

विज्ञापन
belonging memoir sonia gandhi reveals palmist’s prediction that Rajiv not Sanjay would be PM
सोनिया गांधी की किताब में अहम खुलासा - फोटो : पीटीआई

विस्तार

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में गांधी परिवार से जुड़ा एक दिलचस्प लेकिन बाद में डरावना एहसास कराने वाला किस्सा साझा किया है। यह घटना कई दशक पुरानी है, जब गांधी परिवार दिल्ली के विलिंगडन क्रिसेंट स्थित बंगला नंबर 12 में रहता था। उस समय एक हस्तरेखा विशेषज्ञ (ज्योतिषी) ने भविष्यवाणी की थी कि संजय गांधी नहीं, बल्कि राजीव गांधी एक दिन देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उस वक्त यह बात मजाक जैसी लगी थी, लेकिन बाद में परिवार में हुई कई राजनीतिक त्रासदियों के बाद यह भविष्यवाणी सच साबित हुई।
विज्ञापन


सोनिया गांधी की किताब 10 नवंबर को जारी हुई है। इसमें उन्होंने 1970 के दशक के आखिरी वर्षों की इस घटना का जिक्र किया है। उस दौर को उन्होंने अपने संस्मरण में 'बारा नंबर के दिन' (Baara Number days) कहा है।
विज्ञापन


दरअसल, 1977 में सत्ता गंवाने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी अपने परिवार के साथ दिल्ली के चार बेडरूम वाले बंगला नंबर 12 में रहने आई थीं। परिवार के मित्र मोहम्मद यूनुस ने यह आवास उनके लिए खाली कराया था। उस समय राजीव गांधी राजनीति से दूर थे और एक वाणिज्यिक पायलट के रूप में काम कर रहे थे। वहीं, संजय गांधी को इंदिरा गांधी का राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाता था।
विज्ञापन
विज्ञापन


ज्योतिषी ने क्या भविष्यवाणी की?
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि विलिंगडन क्रिसेंट स्थित इस आवास पर कई अजीब घटनाएं घटीं, अनोखे लोग आए, लेकिन एक घटना उन्हें आज भी याद है। उन्होंने बताया कि एक दिन सफेद कपड़े पहने एक भारी-भरकम व्यक्ति बिना अनुमति उनके घर के हिस्से में घुस आया। उसके हाथ में हथेली की छाप वाला एक कागज था। वह सोनिया गांधी से उनका भविष्य बताने की जिद करने लगा।

सोनिया गांधी ने लिखा कि उन्होंने उस व्यक्ति से साफ कहा कि उन्हें ज्योतिष में विश्वास नहीं है। उन्होंने विनम्रता से उसे वहां से जाने के लिए भी कहा। हालांकि, वह व्यक्ति उनकी बात सुनने को तैयार नहीं था। सोनिया गांधी के मुताबिक, जब वह गुस्से में उसे वहां से भगाने के लिए आगे बढ़ीं, तो वह जाते-जाते जोर से चिल्लाया- 'नहीं, नहीं, संजय नहीं... आपके पति राजीवजी एक दिन प्रधानमंत्री बनेंगे।'



राजीव गांधी ने भी ज्योतिषी को दिखाया था हाथ?
इस घटना का एक और दिलचस्प पहलू भी था। सोनिया गांधी ने बताया कि जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो राजीव गांधी जोर-जोर से हंस रहे थे। उनकी हथेली पर स्याही से छाप लगी हुई थी। दरअसल, ज्योतिषी पहले ही राजीव गांधी का हाथ देख चुका था और उन्होंने इसे मजाक समझकर उसकी बातों में दिलचस्पी दिखाई थी। सोनिया गांधी लिखती हैं कि यह देखकर वह अपने कमरे में चली गईं और खुद को शांत करने की कोशिश की, लेकिन इसके बजाय वह रोने लगीं।

संजय गांधी की मौत के बाद प्रधानमंत्री बने राजीव गांधी
समय के साथ उस ज्योतिषी की भविष्यवाणी ने एक अलग ही रूप ले लिया। जून 1980 में संजय गांधी की एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई। इसके चार साल बाद अक्तूबर 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या कर दी गई। उनकी हत्या के कुछ ही घंटों के भीतर राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली। संस्मरण के अनुसार, सोनिया के रोते हुए मना करने के बावजूद कि वे राजनीति में न आएं, राजीव ने यह जिम्मेदारी स्वीकार कर ली। उन्होंने सोनिया से कहा, 'वे वैसे भी मुझे मार ही डालेंगे।'

हालांकि, सोनिया गांधी का कहना है कि वह अंधविश्वासी नहीं थीं, लेकिन जीवन में कुछ ऐसी घटनाएं हुईं, जिन्होंने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि क्या कुछ घटनाओं के पीछे कोई गहरा संकेत छिपा था।

राजीव गांधी के जन्मदिन पर मिली थी अकाली नेता की हत्या की खबर
सोनिया गांधी ने किताब में एक और घटना का जिक्र किया है। यह अगस्त 1985 की है, जब राजीव गांधी का 41वां जन्मदिन मनाया जा रहा था। परिवार रात के खाने पर बैठा था, तभी पंजाब से अकाली नेता हरचंद सिंह लोंगोवाल की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर आई।

सोनिया गांधी ने लिखा कि वह अपने मन में चल रहे विचार किसी से साझा नहीं कर सकीं। उनके लिए यह एक त्रासदी थी, लेकिन साथ ही एक अशुभ संकेत जैसा भी महसूस हुआ। उन्होंने सवाल किया कि आखिर राजीव के जन्मदिन पर ही ऐसा क्यों हुआ? क्या यह महज संयोग था या कोई चेतावनी?


10 जनपथ में रहने के फैसले को बताया गया था अशुभ
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में राजीव गांधी के साथ 10 जनपथ में रहने के फैसले का भी जिक्र किया है। यह दंपती पांच फरवरी, 1990 को इस आवास में रहने पहुंचा था। सोनिया गांधी आज भी इसी घर में रहती हैं। किताब के मुताबिक, राजीव गांधी के कई सहयोगियों ने उन्हें 10 जनपथ को अपना निवास चुनने से मना किया था। उन्होंने इस जगह को अशुभ बताया था। इसके पीछे कई मान्यताएं थीं। मकान के पिछले दरवाजे के पीछे एक टीला था, जिसके बारे में माना जाता था कि वहां हाथी की कब्र है। वहीं, घर के सामने एक सूफी पीर की कब्र भी मौजूद थी। हालांकि, राजीव और सोनिया गांधी ने इन बातों को गंभीरता से नहीं लिया।

सोनिया गांधी लिखती हैं कि न तो वह और न ही राजीव अंधविश्वासी थे। दोनों ने इन आशंकाओं को हंसकर टाल दिया था। लेकिन इस घर में आने के महज 15 महीने बाद मई 1991 में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई। इस घटना ने सोनिया गांधी की किताब में दर्ज इन पुरानी यादों को एक बार फिर दुखद और गंभीर बना दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed