ओबामा ने फोन कर मोदी को संबंधों को गहरा करने के लिए कहा 'शुक्रिया'
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पीएम मोदी को व्हाइट हाउस छोड़ने से पहले, फोन करके दोनों देशों के संबंधों में नई प्रागढ़ता लाने के लिए शुक्रिया किया। बुधवार को ओबामा ने मोदी से कहा कि यूएस-भारत ने साझेदारी की नई इबारत लिखी है। इस दौरान रक्षा, परमाणु उर्जा और दोनों देशों में रहने वाले लोगों की एक दूसरे से नजदीकियां काफी अच्छी हुई हैं।
ओबामा ने याद की अपनी आखिरी भारत यात्रा
मोदी से बात करते हुए ओबामा ने 2015 में 26 जनवरी पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर भारत यात्रा को याद किया और आगामी 68वें गणतंत्र दिवस के लिए शुभकामनाएं दी। व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि इस दौरान दोनों नेताओं ने इकनॉमिक और सुरक्षा मुद्दे पर हुई प्रगति पर चर्चा की। इस दौरान ओबामा ने माना कि भारत अमेरिका का रक्षा क्षेत्र में बहुत ही महत्वपूर्ण साझेदार है। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन पर भारत का दृष्टिकोण अमेरिका की तरह साफ है।
2014 में जीत के बाद दी थी ओबामा ने मोदी को सबसे पहले बधाई
मोदी ने जब 2014 में लोकसभा का चुनाव जीता था और वो पीएम बनने जा रहे थे, तो ओबामा कुछ गिने-चुने विश्व नेताओं में थे जिन्होने सबसे पहले फोन करके बधाई दी थी। ओबामा ने तब ही मोदी को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दे दिया था।
इसके बाद सितंबर में अपनी पहली अमेरिका यात्रा के दौरान मोदी ने ओबामा से मुलाकात की थी। उसके बाद मोदी-ओबामा के बीच 8 बार मुलाकात हो चुकी है, जो कि एक रिकॉर्ड है।